भाजपा राजनीतिक द्वेष के चलते कांग्रेस नेताओं को बना रही है निशाना : विक्रम मंडावी
बीजापुर, 13 सितंबर (हि.स.)। जिले की पुलिस ने नक्सल संलिप्तता और भाजपा नेता तिरुपति कटला की हत्या में शामिल होने के आरोप में ग्राम पंचायत तोयनार के सरपंच विजय पाल शाह और येमैया जंगम को यूएपीए की गंभीर धराओं में गिरफ़्तार कर जेल दाखिल कर दिया है, वहीं एक अन्य आरोपित की तलाश जारी। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने शुक्रवार काे पत्रकारवार्ता कर पूरे मामले में भाजपा नेताओं के इशारे पर गिरफ़्तारी का आरोप लगाते हुए कहा कि साजिश के तहत यह कार्रवाई की गई है। नक्सल हमले के बाद घायल भाजपा नेता को अस्पताल पहुंचाने वाले की 6 महीने बाद उसी की हत्या में शामिल होने का आरोपित बनाया गया है।
बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि घटना के बाद विजयपाल ने लहुलुहान तिरुपति कटला को मानवता दिखाते अस्पताल पहुंचाने वाहन का बंदोबस्त किया था। इतना ही नहीं घटना के चश्मदीद सुरेश कटला ने तीन आरोपिताें के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तब चश्मदीद ने विजयपाल का नाम क्यों नहीं लिया था? विधायक ने आरोप लगाया है कि भाजपा राजनीतिक द्वेष के चलते कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है। झूठे, फर्जी मामले बनाकर जेल भरने का भाजपा का षड्यंत्र है। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेसी भाजपा की साजिशों से डरने वाले नहीं है। विधायक विक्रम ने कहा कि भाजपा सरकार षड्यंत्र पूर्वक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर जेल में डालने का काम कर रही है। भाजपा सरकार प्रदेश में फंसाओ और जेल में डालो की षड्यंत्र की नीति के खिलाफ कांग्रेस डटकर मुकाबला करेगी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम व जिलाध्यक्ष लालू राठौर सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे।
—————