उप्र के मध्य क्षेत्र में मध्यम बारिश की संभावना

Share

उप्र के मध्य क्षेत्र में मध्यम बारिश की संभावना

कानपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन (अवदाब) में तब्दील हो रहा है। इससे उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के मौसम में बदलाव होगा और तेज बारिश के साथ आंधी की संभावना है। हालांकि इसको उत्तर प्रदेश तक पहुंचने में दो से तीन दिन का समय लगेगा। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को उत्तर प्रदेश के मध्य क्षेत्र के करीब एक दर्जन से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही अन्य जनपदों में भी बौछारें पड़ने का क्रम बना रहेगा।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि चक्रवाती तूफान असना उत्तर-पूर्व अरब सागर पर है। यह भारतीय तट से दूर उत्तर-पूर्व और समीपवर्ती उत्तर-पश्चिम अरब सागर पर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ना जारी रखेगा और एक सितंबर की सुबह तक अपनी तीव्रता बनाए रखेगा। उसके बाद अगले 24 घंटों के लिए यह पश्चिम दक्षिण-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। दो सितंबर की सुबह तक धीरे-धीरे कमजोर होकर डिप्रेशन (अवदाब) में बदल जाएगा। यह डिप्रेशन मौसम की वह स्थित है जब चक्रवाती अशांति के कारण सतह पर 17 से 33 नॉट (31 से 61 किमी प्रति घंटा) की रफ्तार से हवा चलती है। इस दौरान तेज बारिश की भी संभावना रहती है। ऐसे में अगर मौसम की गतिविधियों में बदलाव नहीं हुआ तो आगामी दिनों इसका प्रभाव उत्तर प्रदेश में भी दिखाई देगा। इस दौरान तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने के आसार रहेंगे और एक बार फिर उत्तर प्रदेश का तापमान सामान्य हो सकता है। तेज हवाओं के साथ बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकेगी।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 36.4 और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 86 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 65 प्रतिशत रही। बारिश पांच मिमी दर्ज हुई। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को उत्तर प्रदेश के मध्य क्षेत्र कन्नौज, औरैया, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, फतेहपुर, राय बरेली, अमेठी, कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव सहित आस-पास के क्षेत्रों में मेघ गर्जन व आकाशीय बिजली के साथ मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के करीब 30 जनपदों में भी मेघ गर्जन व आकाशीय बिजली के साथ तेज हवाएं चलेंगी और बौछारें पड़ेंगी।

—————