रीवाः एक पेड़ माँ के नाम अभियान में अधिकारियों ने किया पौधारोपण

Share

रीवा, 6 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए एक पेड़ माँ के नाम का आवाहन किया है। रीवा जिला में भी एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत लगातार वृक्षारोपण किया जा रहा है। जिले भर में 6 जुलाई और 7 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को विभिन्न शिक्षण संस्थानों तथा कार्यालयों में एक पेड़ माँ के नाम अभियान में अधिकारियों, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों ने पौधे रोपित किए।

शासकीय कन्या महाविद्यालय में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने शनिवार को आम का पौधा रोपित करके अभियान का शुभारंभ किया। कार्यपालन यंत्री पीएचई संजय पाण्डेय ने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ सिरमौर कार्यालय परिसर में पौधे रोपित किए। उपायुक्त सहकारिता अशोक शुक्ला ने जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक परिसर में अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ पौधारोपण किया। जिले भर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान में लगातार पौधे रोपित किए जा रहे हैं।

पुलिस महानिरीक्षक ने स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में किया पौधारोपण

जिले भर में चलाए जा रहे एक पेड़ माँ के नाम अभियान में लगातार पौधे रोपित किए जा रहे हैं। इस क्रम में पुलिस महानिरीक्षक महेन्द्र सिंह सिकरवार ने शनिवार को स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में पौधे रोपित किए। पुलिस महानिरीक्षक ने खिलाड़ियों और युवाओं को पौधरोपण की शपथ दिलाई। पुलिस महानिरीक्षक ने स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का निरीक्षण करके विभिन्न खेलों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम में संभागीय खेल अधिकारी एमके धौलपुरी, प्राचार्य केन्द्रीय विद्यालय महालक्ष्मी पाण्डेय, अधिवक्ता संजय शुक्ला तथा खिलाड़ियों ने भी पौधे रोपित किए।