प्रदेश की महिलाओं से संकल्प पत्र में किये वादे पूरे करे भाजपा सरकार: विभा पटेल

Share

भोपाल, 4 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस का एक प्रतिनिधि मंडल गुरुवार को मप्र महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय पहुंचा। जहां उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं से किये गये वादों का स्मरण करते हुये भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वी.डी. शर्मा के नाम संबोधित स्मरण पत्र भाजपा के प्रदेश कार्यालय प्रभारी को सौंपा।

विभा पटेल ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा ने विगत 11 नवंबर 2023 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी. शर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओ की गरिमामयी उपस्थिति में राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में ‘मोदी की गारंटी भाजपा का भरोसा’ बताते हुए प्रदेश की जनता, खासकर महिलाओं के लिए संकल्प पत्र जारी किया गया था। यद्यपि भाजपा सरकार बने हुए 6 माह से अधिक का समय हो चुका है और सरकार का बजट भी विधानसभा पटल पर रखा गया है, जिसमें महिलाओं और लाड़ली बहनों से किए वादों को डॉ. मोहन यादव सरकार ने पूरी तरह से दरकिनार किया है, महिला सुरक्षा और महिलाओं/ युवतियों को सरकारी नौकरी में वरीयता देने जैसा विषय बजट से लुप्त है।

विभा पटेल ने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में कहा था कि हम महिलाओं को 3हजार रुपये प्रतिमाह, 450 रूपये का गैस सिलेण्डर, किसानों को गेहूं का 2700 और धान का 3100 रूपये समर्थन मूल्य देने के साथ-साथ कक्षा बारहवी तक के बच्चों को फ्री शिक्षा देंगे, होनहार बच्चों को लेपटॉप और स्कूटी देने सहित तमाम वादे किये थे। गरीब परिवार को राशन के साथ रियायती दर पर दाल, सरसों का तेल एवं चीनी उपलब्ध कराई जायेगी के तहत वादा किया था कि 5 वर्षों के लिए प्रधान मंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जारी रहेगी लेकिन सरकार अपने वादों से पूरी तरह मुकर गयी है।

विभा पटेल ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार का रुख बेहद लचीला और महिलाओं को धोखा देना है। तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह की योजनाओं को बंद करना है। जिसकी महिला कांग्रेस कड़े शब्दों में निंदा करती है और बीजेपी और सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज कराती हैं। प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार से हमारा कहना है कि वह जनादेश का सम्मान करें, अपने संकल्प पत्र के वादों को पूरा करें। ऐसा न करने की स्थिति में महिला कांग्रेस आम जनता, विशेषकर महिलाओं के बीच जाकर भाजपा की मोहन यादव सरकार की आलोचना कर पोल खोलेगी।