उमरिया 13 मई (हि.स.)। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर जोन में तेंदू पत्ता तोड़ने गई 65 वर्षीया वृद्ध महिला पर अचानक जंगली ने हमला कर घायल कर दिया। महिला को गम्भीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानपुर ले जाया गया, जहां से मेडिकल कालेज शहडोल के लिए रिफर कर दिया गया।
घटना के बारे में पनपथा एसडीओ वन फते सिंह निनामा ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिली कि चंदवार डोंगरी में एक वृद्ध महिला को जंगली सुअर ने घायल कर दिया तो तत्काल वन विभाग की टीम घटना स्थल के लिए रवाना की गई। जहां जाने पर पता चला कि सुलिया बाई काछी पत्नी मोती लाल काछी उम्र लगभग 65 वर्ष निवासी ग्राम बरदौन्हा थाना इंदवार, बफर जोन अंतर्गत पनपथा रेंज के बीट बटुरावाह के कक्ष क्रमांक पी एफ 629 के चंदवार डोंगरी में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थी जिसे जंगली सुअर ने पेट व हांथ में हमला कर दिया गया हैं जिसको तत्काल वन विभाग के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानपुर ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार कर गम्भीर हालत होने के कारण मेडिकल कॉलेज शहडोल रिफर कर दिया गया। गम्भीर घायल वृद्धा को वन विभाग के द्वारा ले जाकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया हैं जहां इलाज चल रहा हैं वन विभाग द्वारा तात्कालिक सहायता राशि उनके बेटे को दे दी गई है।
गौरतलब है कि ग्रामीण कहीं महुआ फूल बीनने या तेंदू पत्ता तोड़ने या अन्य कार्य से जंगल मे जाते हैं और वन्य जीवों के हमले का शिकार हो जाते हैं या फिर आक्रोशित ग्रामीण वन्य जीवों को नुकसान पहुंचाने का कार्य करते हैं। ऐसे में वन विभाग बीच का रास्ता निकालने में असफल इजर आ रहा है।