गाजियाबाद महानगर में नहीं तोड़ा गया कोई मंदिर : महापौर

Share

गाजियाबाद, 09 मई (हि.स.)। विवेकानंद नगर समेत महानगर में 12 स्थानों पर नगर निगम द्वारा कथित तौर पर मंदिर तोड़े जाने का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। गुरुवार को इस मसले पर महापौर सुनीता दयाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नगर निगम ने पिछले एक साल के दौरान कोई मंदिर नहीं तोड़ा है। बल्कि मन्दिरों को अवैध कब्ज़ा होने से बचाया है। उन्होंने कहा कि विहिप, बजरंग दल के नेताओ ने अधूरी जानकारी के इस मामले को ऊंचा उठा दिया। यह सीधे तौर पर नगर निगम के खिलाफ साजिश हो सकती है।

सुनीता दयाल ने कहा कि विवेकानंद नगर में देखा जाए तो मंदिर के साथ दूर तक भी छेडछाड नहीं की गई बल्कि विवादित हिस्से को भी इस चलते हटाया गया।

उन्होंने कहा कि विजय नगर कुटी के मंदिर की बात है तो उसपर बैंसला नामक एक व्यक्ति कब्जा कर रहा था। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।

सुनीता दयाल ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद एवं भाजपा एक ही परिवार का हिस्सा हैं। मुददे को लेकर यदि किसी तरह भ्रांति थी तो उनसे बात की जा सकती थी।

उन्होंने ये भी दावा किया कि उनके कार्यकाल के दौरान निगम प्रशासन के द्वारा किसी मंदिर के साथ छेड़छाड़ का भी प्रयास नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि तमाम मंदिरों का सर्वे कराया गया है। जियो टैग कराया गया है। इन मंदिरों का किसी के द्वारा भी सर्वे किया जा सकता है। मंदिर चूंकि आस्था के केंद्र है,ऐसे में तमाम अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी धार्मिक स्थल के साथ छेडछाड न की जाए।