प्रयागराज, 22 मार्च (हि.स.)। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने डाॅक्टरों की घोर लापरवाही से वागीश कुमार सिंह नागवंशी की पत्नी विभा सिंह की मौत मामले में एस एच ओ चंदौसी से जवाब मांगा है।
कोर्ट ने कहा है कि पांच डाॅक्टरों का पैनल मेडिकल रिपोर्ट 22 जून 2023 पर विचार करें। कोर्ट ने एसएचओ को 8 अप्रैल को अगली सुनवाई की तिथि पर हाजिर होने को कहा है। यह आदेश न्यायमूर्ति सिद्धार्थ तथा न्यायमूर्ति विनोद दिवाकर की खंडपीठ ने वागीश कुमार सिंह नागवंशी की याचिका की सुनवाई करते हुए दिया है।
याची का कहना है कि विपक्षी संख्या 4 से 7 के खिलाफ मेडिकल लापरवाही से मौत मामले की एफआईआर दर्ज करने का एसपी को निर्देश दिया जाय। 30 मई 2023 को शिकायत की गई है किन्तु एफआईआर दर्ज नहीं की गई। डाॅक्टरों के पैनल की रिपोर्ट में मेडिकल लापरवाही के कारण याची की पत्नी की मौत बतायी गई है। किंतु लापरवाह डाॅक्टरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।