पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कई सीटों पर पुराने चेहरों पर भाजपा का दांव

Share

-मेरठ, गाजियाबाद लोकसभा सीटों पर बढ़ी दावेदारों की धड़कन

मेरठ, 02 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार देर शाम लोकसभा उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कई सीटों पर पुराने चेहरों पर भाजपा ने दांव लगाया है। जबकि मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर जैसी सीटों पर कोई निर्णय नहीं होने से दावेदारों की धड़कन बढ़ गई है।

भाजपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कई सीटों पर पुराने चेहरों को अहमियत दी है। इससे टिकट के नए दावेदारों को निराशा हाथ लगी है। भाजपा ने कैराना लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद प्रदीप कुमार को उम्मीदवार घोषित किया है। वह 2019 में भी सांसद चुने गए थे। मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से दो बार से सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान को भाजपा ने टिकट दिया है। वह 2024 और 2019 में भी सांसद चुने गए थे। 2019 के चुनाव में डॉ संजीव बालियान ने रालोद मुखिया रहे दिवंगत अजित सिंह को हराकर चुनाव जीता था। बुलंदशहर संसदीय सीट से भाजपा ने वर्तमान सांसद डॉ भोला सिंह को ही उम्मीदवार घोषित किया है। भोला सिंह को पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का करीबी माना जाता है। इसी तरह गौतमबुद्ध नगर सीट से दो बार के सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा को भाजपा ने टिकट दिया है। नगीना सुरक्षित लोकसभा सीट पर भाजपा ने नहटौर से विधायक ओमकुमार को टिकट दिया है। ओमकुमार नहटौर विधानसभा सीट से लगातार तीन बार से विधायक चुनकर आ रहे हैं। रामपुर लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद घनश्याम लोधी को भाजपा ने फिर से उम्मीदवार घोषित किया है।

वहीं, संभल से परमेश्वर लाल सैनी को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। अमरोहा से पूर्व सांसद कंवर सिंह तंवर पर भाजपा ने फिर से दांवा लगाया है। 2014 में लोकसभा चुनाव जीतने के बाद कंवर सिंह तंवर को 2019 में हार का सामना करना पड़ा था। जबकि मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, बागपत जैसी सीटों पर भाजपा ने स्थिति साफ नहीं की है। इनमें से दो सीट रालोद के खाते में जानी तय है। ऐसे में इन सीटों के दावेदारों की धड़कनें बढ़ गई हैं। मेरठ से भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल, बागपत से डॉ सत्यपाल सिंह, गाजियाबाद से केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह वर्तमान में सांसद हैं।