– गाड़ी में की तोड़फोड़, तीन पुलिस कर्मी हुए घायल
लखीमपुर खीरी, 22 मार्च (हि.स.)। भीरा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक इनामी बदमाश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल के साथ आलाधिकारी भी पहुंच गए।
भीरा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत भीरा कस्बे में चोरी के मामले में महतो बिरादरी के 21 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार करने पुलिस गई थी। जैसे ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ा तो उसकी बिरादरी के लोगों ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और महिलाएं गाड़ी के आगे लेट गई। कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी को छुड़ाने के लिए बिरादरी की महिलाएं व पुरुष अक्रामक हो गए और पुलिस पर हमला बोल दिया। पुलिस की गाड़ी के शीशे आदि भी फूट गए। हमले में तीन सिपाही घायल हुए हैं।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की ओर से जारी बयान में पुलिस कर्मियों के घायल होने की बात नहीं कही गई है। साथ ही इनामिया बदमाश व घटना में शामिल लोगों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।