झाबुआ, 5 जनवरी (हि.स.)। झाबुआ जिले के काकनवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नागनवाट की रहने वाली एक महिला की झाड़-फूंक एवं तंत्र की यातना पूर्ण क्रियाओं के बाद मौत हो गई। मृतका की कोई संतान नहीं थी, इसलिए महिला के परिजन उसे बच्चे की आस में ईलाज के लिये झांड-फूंक अथवा टोने-टोटके करने वाली ग्राम भूरीमाटी निवासी महिला तांत्रिक के पास लाए थे, जहां कथित तांत्रिक द्वारा मृतका को लोहे की जंजीर से पीटा गया, परिणामस्वरूप जब महिला की तबियत बिगड़ने लगी तो उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। जिले की रानापुर पुलिस द्वारा आरोपिता महिला तांत्रिक के विरुद्ध भारतीय दण्ड विधान की धाराओं में मामला दर्ज कर एवं गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां न्यायालय द्वारा उसे जेल भेज दिया गया है।
मामले में दी गई जानकारी में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस झाबुआ रूपरेखा यादव ने शुक्रवार को बताया कि मजीता पति प्रकाश डामोर उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम नागनवाट नामक महिला जो कि निःसंतान थी, ओर तांत्रिक क्रियाओं या झांड-फूंक के लिए रानापुर थाना क्षेत्र के ग्राम भूरीमाटी में रहने वाली महिला तांत्रिक के पास ले जाई गई थी, जहां तांत्रिक क्रियाओं के दौरान निःसंतान महिला मजिता को महिला तांत्रिक के द्वारा लोहे की साकल से पीटा गया था, जिससे महिला की तबियत बिगड़ गई, और जब उसे जिला अस्पताल झाबुआ ले जाया जा रहा था, तभी ढकेल घांटी के समीप रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। बाद में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरो के द्वारा महिला को मृत घोषित कर दिया गया।
यादव ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच के बाद आरोपित महिला के विरुध्द थाना राणापुर में अपराध क्रमांक 09/2024 एवं भारतीय दण्ड विधान की धारा 304 में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। थाना राणापुर की पुलिस टीम द्वारा आरोपिता महिला तांत्रिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।