–महापौर गणेश केसरवानी का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया
–पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह की जन्म जयंती एवं डॉ मुरली मनोहर जोशी को जन्मदिन की बधाई
प्रयागराज, 05 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी महानगर एवं जन्म दिवस आयोजन समिति द्वारा पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह की जन्म जयंती और पूर्व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ मुरली मनोहर जोशी का 90वां और महापौर गणेश केसरवानी का 54वां जन्मदिन पजावा रामलीला कमेटी अतरसुइया में मनाया गया। इस दौरान सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया और केक काटा गया।
इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी ने पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के सचित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित किया और डॉ मुरली मनोहर जोशी को फोन पर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। महापौर ने कहा कि कल्याण सिंह सच्चे राष्ट्रभक्त और राम भक्त थे, जिन्होंने रामजी के लिए अपनी सत्ता कुर्बान कर दी और गुलामी का प्रतीक बाबरी मस्जिद विध्वंस की पूरी जिम्मेदारी ली। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ मुरली मनोहर जोशी की कर्मभूमि प्रयागराज रही और वे प्रयागराज के गौरव हैं। जिनके नेतृत्व में देशव्यापी राष्ट्रीय एकता तिरंगा यात्रा निकाली गई और श्रीनगर के लाल चौक पर स्थित घंटाघर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया गया था। कल्याण सिंह और डॉ मुरली मनोहर जोशी असंख्य कार्यकर्ताओं के निर्माता और प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता एवं पार्षदों ने आज मेरे जन्म दिन पर जो स्नेह और प्यार दिया है उससे मैं अभीभूत हूं। जीवन पर्यंत जनता एवं भाजपा कार्यकर्ता की सेवा में समर्पित रहूंगा।
मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि महापौर गणेश केसरवानी के जन्म दिन पर रामलीला पार्क अलोपी बाग में पार्षद उमेश चंद्र मिश्रा द्वारा गरीबों को कम्बल वितरण किया गया। राम जानकी मंदिर बंधवा पर प्रतिष्ठित व्यापारी पप्पू कटरा एवं कृष्ण भगवान केसरवानी द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया। मुट्ठीगंज में मंडल अध्यक्ष अग्रहरि द्वारा मिठाई वितरण किया गया और प्रीतम नगर मंडल द्वारा सुलेमसराय हनुमान गेस्ट हाउस में जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक पूर्व पार्षद गिरी शंकर प्रभाकर रहे एवं संचालन राजेश केसरवानी ने किया। महापौर को सांसद रीता बहुगुणा जोशी, केसरी देवी पटेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेंद्र सिंह गौर, महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा, हर्षवर्धन बाजपेई, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक कलेक्टर पांडे, दीपक पटेल, पार्षद किरन जायसवाल, ओंकारनाथ त्रिपाठी, रणजीत सिंह, कमलेश कुमार, वरुण केसरवानी एवं हजारों कार्यकर्ताओं ने जन्मदिन की बधाई दी।