छतरपुर:कड़ाके की सर्दी से तबाह हुई पान की फसल, किसानों के सामने दो जून की रोटी का संकट मंडराया

Share

छतरपुर, 29 जनवरी (हि.स.)। बीते कुछ दिनों से पड़ रही तेज सर्दी की वजह से महाराजपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत आने वाली पान की फसल पूरी तरह से तबाह हो चुकी है। पान की खेती करने वाले किसानों के सामने रोजी-रोटी का संकट गहरा गया है, क्योंकि पूरे साल इस पानी की फसल में मेहनत करने के बाद सर्दियों में फसल पककर तैयार होती है। जिसको बेचने के बाद ही पान किसानों को उनकी मेहनताना और लाभ मिल पाता है। लेकिन इस बार पड़ी कड़ाके की सर्दी ने पान की फसल को पूरी तरह से खराब कर दिया है। अब पान के पत्ते किसी जले हुए कागज की तरह नजर आते हैं क्योंकि इस बार सर्दी ने पान की फसल को 100 प्रतिशत खत्म कर दिया है।

नही होंगे सपने पूरे, कैसे होंगे हाथ पीले

महाराजपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत पान की फसल लगभग 200 एकड़ में की जाती है। जिसमें एक हजार से भी अधिक पान कृषक पान की खेती करते हैं साथ ही उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट गहरा गया है। किसी के घर में शादी है तो किसी का बच्चा अपने मां-बाप के सपने पूरा करने के लिए बाहर पढ़ाई करता है। किसी की किस्त जाना है तो कहीं कोई भूखे पेट सोने को मजबूर होगा। फसल पूरी तरह से चौपट हो चुकी है और अब लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है।

तहसीलदार को दिया ज्ञापन

तहसील क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सभी पान कृषकों ने सोमवार की सुबह एकत्रित होकर महाराजपुर तहसीलदार को खराब फसल का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने के लिए ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने निवेदन किया है कि प्रत्येक पान किसान के खेत पर जाकर उसका सही सर्वे किया जाए एवं उचित मुआवजा दिया जाये।