मीरजापुर, 05 जनवरी (हि.स.)। मडिहान विधानसभा स्थित एसएसपीपीडी पीजी कालेज में स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने 240 छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पटेल ने कहा कि दुनिया बहुत तेजी से बदल रही है। यह इंटरनेट का युग है। शासन प्रशासन को भी बेहतर करने के लिए डिजिटल टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जा रहा है। बैंकिंग प्रक्रियाओं को ऑनलाइन कर दिया गया, जिससे आम जनता को काफी सहूलियत मिली है। आपके पास स्मार्टफोन है तो आपको कहीं जाने की आवश्यकता नहीं है, घर बैठे ही बैंक से जुड़े कार्य कर सकते हैं। सब कुछ ऑनलाइन उपलब्ध है, चाहे अलग-अलग परीक्षाओं के लिए आवेदन पत्र भरना हो अथवा किसी भी विषय या किसी प्रतियोगी परीक्षा के लिए आवेदन हो यह सब कुछ स्मार्टफोन के माध्यम से कर सकते हैं।
इस दौरान महाविद्यालय के संस्थापक व जिला कोऑपरेटिव बैंक चेयरमैन डॉ जगदीश सिंह पटेल, जिला अध्यक्ष इंजीनियर रामलौटन बिंद, भाजपा जिला महामंत्री हरिशंकर सिंह पटेल, प्रधानाचार्य राकेश मौर्य, बीएड विभाग अध्यक्ष रवि भूषण तिवारी, ऑडिटर आलोक तिवारी आदि स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम में उपस्थित थे।