प्रयागराज, 05 जनवरी (हि.स.)। इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी में विवाद खड़ा हो गया है। कोषाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्रा ने अध्यक्ष अशोक सिंह को पत्र लिखकर उनके अधिकार का हनन करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि यह हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के बाईलॉज का उल्लंघन है। उन्होंने अध्यक्ष से इसका जवाब देने को कहा है।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्रा ने अध्यक्ष और महासचिव को लिखे पत्र में आरोप लगाया है कि पांच बैठकों एवं आकस्मिक आम सभा की सूचना उन्हें नहीं दी गई और न ही एजेंडा बताया गया। उन्हें आज तक कोई मिनट्स भी नहीं दिया गया।
एकाउंटेंट से जब ब्यौरा दिखाने को कहा तो एकाउंटेंट ने ब्यौरा दिखाने से मना कर दिया। कहा कि अध्यक्ष और महासचिव ने ब्यौरा दिखाने से मना किया है। पूर्व में भी एकाउंटेंट द्वारा ऐसा किया गया है। चेकबुक भी अध्यक्ष एवं महासचिव की कस्टडी में है। यह सारी बातें बाईलॉज की धारा 23, 28 और 33 के खिलाफ है और कोषाध्यक्ष की शक्तियों का हनन है। कोषाध्यक्ष ने आशा जताई है कि अध्यक्ष और महासचिव बाईलॉज का अध्ययन करके पूर्व और वर्तमान के पत्र का समुचित उत्तर देंगे।