राजगढ़ःसरकार की योजनाओं का हर जरूतमंद को मिले लाभ: सांसद नागर

Share

राजगढ़,4 जनवरी(हि.स.)। जिले में केन्द्र शासन द्वारा संचालित योजना व विकास कार्यों की सघन जांच की जाए, सरकार की योजनाओं का हर जरूरतमंद को लाभ मिले, विकसित भारत की संकल्पना साकार करने के लिए जिले में लंबित कार्योंं को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। यह बात गुरुवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक में सांसद रोडमल नागर ने कही। बैठक में समीक्षा के दौरान जलनिगम के अफसरों को निर्देश दिए गए कि जिन गांवों में पेयजल उपलब्ध कराने में अड़चन आ रही है, उन्हें आवश्यक तकनीकी से सुधार किया जाए, जहां पानी का प्रेशर नहीं आ रहा, वहां की जांच की जाए।

बैठक में कलेक्टर हर्ष दीक्षित ने बताया कि ग्रीष्मकाल में जल प्रबंधन सुचारु रुप से रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है, जिस पर समिति ने सहमति व्यक्त की। इस दौरान रामगंज मंडी से भोपाल रेल्वे लाइन परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई, जिसमें अधिकारी द्वारा बताया गया कि 2025 में इस परियोजना का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। कृषि अधिकारियों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में किसानों के खातों की विसंगतिया दूर करने के लिए कहा गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने बताया कि थाना क्षेत्रों का पुर्नपरिसीमन प्रस्तावित किया गया है, जिसके अनुसार थाना मुख्यालय से अधिक दूरी वाले 50 गांव चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें 12 थाना क्षेत्रों में सम्मिलित किया जाएगा। आवास प्लस में जोड़े गए हितग्राहियों की सूची ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रदेश के राज्यमंत्री मछुआ कल्याण उवं मत्स्य विभाग नारायणसिंह पंवार, खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी, विधायक राजगढ़ अमरसिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर सहित समिति सदस्य एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।