मुठभेड़ में तीन असलाह तस्कर गिरफ्तार, अवैध हथियार और बाइक बरामद

Share

इटावा,02जनवरी(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में थाना वैदपुरा, थाना बढ़पुरा पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम ने तीन असलाह तस्करों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने अवैध हथियार कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि एक जनवरी देर रात थाना बढ़पुरा और वैदपुरा पुलिस की संयुक्त टीम कटिहार पेट्रोल पंप के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति ग्राम नगला बाबा से नगला बरी तिराहे की तरफ आ रहे हैं।

सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए थाना वैदपुरा व थाना बढ़पुरा की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा नगला बरी तिराहे के पास चेकिंग की जाने लगी, इसी दौरान एक मोटरसाइकिल आते हुए दिखाई दी, जिन्हें पुलिस टीम के रुकने का इशारा किया गया तो बाइक सवार बदमाश बाइक को तेजी से बापिस मोड़कर भागने लगे। उनकी बाइक रास्ते में अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिसे छोड़कर बदमाश खेतो की तरफ भागने लगे।

बदमाशों का पुलिस टीम के द्वारा पीछा किया तो उनके द्वारा अपने आपको पुलिस से घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की गई। जिसपर पुलिस टीम द्वारा आवश्यक बल प्रयोग करते हुए बदमाश पंकज यादव पुत्र मुन्नालाल, नितुल कुमार पुत्र कृपाल सिंह और अनुज उर्फ लालू पुत्र अहिवरन सिंह को नगला बरी तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने दो अवैध पिस्टल 32 बोर, एक अवैध रिवॉल्वर 32 बोर,दो खोखा छह जिंदा कारतूस 3250 रुपये की नगदी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार बदमाश असलाह तस्करी का काम करते हैं और इससे पूर्व में भी जेल जा चुके हैं।