अयोध्या के लिए रवाना हुए दमोह के खली, बालों से रथ खींचकर 11 दिन में पूरी करेंगे 501 किमी की पदयात्रा

Share

दमोह, 11 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए देश भर से अनेक भक्त पहुंच रहे हैं। दमोह जिले के बटियागढ़ में रहने वाले खली नाम से मशहूर बद्री विश्वकर्मा भी एक संकल्प लेकर अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। बद्री अपने बालों से रामरथ खींचते हुए दमोह से 501 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए 22 जनवरी को अयोध्या पहुंचेंगे।

खली नाम से मशहूर बद्री विश्वकर्मा ने गुरुवार दोपहर बटियागढ़ से अपनी इस यात्रा का शुभारंभ किया। इस मौके पर सवा लाख मानस पाठ के महंत भगवान वेदांताचार्य बटियागढ़ ने उनकी यात्रा को रवाना किया। यात्रा के प्रेरणा स्रोत मनोज देवलिया संपूर्ण यात्रा में बद्री के साथ मौजूद रहेंगे। बद्री अपने बालों से पिकअप वाहन में बनाए गए रथ को खींचते हुए 11 दिन में 501 किलोमीटर की यात्रा पूरी करेंगे और अयोध्या पहुंच भगवान श्री राम के दर्शन करेंगे।

बद्री ने बताया कि वह अपने बालों से रामरथ खींचते हुए 22 जनवरी तक अयोध्या पहुंचेंगे। एक दिन में वे लगभग 60 किलोमीटर पद यात्रा करेंगे। यह संकल्प उन्होंने श्री राम मंदिर के शुभारंभ अवसर पर लिया है। इस निर्णय से बटियागढ़ एवं दमोह जिले के धर्म प्रेमियों में हर्ष व्याप्त है।