मप्रः सात आईएएस अधिकारियों का तबादला, भोपाल-इंदौर कलेक्टर बदले

Share

– रीवा में मुख्यमंत्री की संभागीय बैठक से पहले कमिश्नर को हटाया

भोपाल, 5 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार ने बड़ी प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के सात अधिकारियों का तबादला कर उनकी नवीन पदस्थापना की है। इनमें इंदौर-भोपाल के कलेक्टर बदले गए हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को आदेश जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संभागीय बैठक से पहले रीवा संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी को भी हटा दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह को इंदौर बनाया गया है, जबकि उनकी जगह मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक कौशलेंद्र विक्रम सिंह को भोपाल का नया कलेक्टर बनाया गया है। इंदौर कलेक्टर इलैया राजा टी को मप्र पर्यटन विकास निगम का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है। वे पहले भी यह जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज रीवा दौरे पर पहुंचे हैं। वहां वे संभागीय बैठक लेने वाले हैं। इससे पूर्व ही रीवा संभाग आयुक्त अनिल सुचारी को हटाया गया है। उनकी जगह चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त गोपाल चंद्र डाड को रीवा संभाग का नया कमिश्नर बनाया गया है। इनके पास शहडोल संभाग का भी अतिरिक्त प्रभार रहेगा। सुचारी को सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव पदस्थ किया गया है। वहीं, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव संजय गुप्ता को श्रम आयुक्त नियुक्त किया गया। इसी तरह श्रम आयुक्त श्रीकांत बनोठ को अब भोपाल विकअ सह आयुक्त, सह संचालक के साथ नगर और ग्राम निवेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आशीष सिंह पूर्व में इंदौर नगर निगम के कमिश्नर रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में ही इंदौर देश में स्वच्छता में नंबर वन बना था। उज्जैन में कोरोना के हालात बिगड़ने पर आशीष सिंह को उज्जैन कलेक्टर बनाकर भेजा गया था, जहां पर उन्होंने स्थिति को संभाला था। वहीं, कौशलेंद्र विक्रम सिंह एक बार 2023 में भी एक दिन के लिए भोपाल कलेक्टर बनाए जा चुके हैं। लेकिन ओंकारेश्वर में शंकराचार्य की प्रतिमा की स्थापना के महत्वपूर्ण कार्य के चलते उनका भोपाल कलेक्टर का आदेश निरस्त कर दिया गया था। उन्हें एमडी पर्यटन निगम का दायित्व सौंपा गया था। इसके बाद उनके स्थान पर आशीष सिंह को भोपाल का कलेक्टर बनाया गया था। एक बार फिर कौशलेंद्र को भोपाल कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे पहले ग्वालियर कलेक्टर भी रह चुके हैं।

कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को ही भोपाल कलेक्टर का पदभार भी ग्रहण कर लिया है। उन्होंने पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने भोपाल संभागायुक्त पवन शर्मा से भी सौजन्य भेंट की।