सब जूनियर महिला हॉकी लीग: राजा करण अकादमी और प्रीतम सिवाच ने दर्ज की जीत

Share

नई दिल्ली, 29 दिसंबर (हि.स.)। दूसरे खेलो इंडिया सब जूनियर महिला हॉकी लीग के पहले चरण के 9वें दिन राजा करण हॉकी अकादमी और प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी ने अपने-अपने मैचों में जीत दर्ज की।

राजा करण हॉकी अकादमी ने करीबी मुकाबला जीता:

दिन के पहले मैच में राजा करण हॉकी अकादमी ने खालसा हॉकी अकादमी, अमृतसर को 2-1 से हराया। राजा करण हॉकी अकादमी के लिए कप्तान कुदरत (14”) ने पेनल्टी कॉर्नर के साथ पहला गोल किया। इसके बाद तीसरे क्वार्टर के अंत में (45′) उन्होंने फील्ड गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी। जशनदीप कौर (54′) ने चौथे क्वार्टर में एक गोल करके खालसा हॉकी अकादमी, अमृतसर के लिए कुछ उम्मीद जगाई, लेकिन राजा करण हॉकी अकादमी ने बढ़त बरकरार रखते हुए मैच जीत लिया।

प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी ने दर्ज की आरामदायक जीत:

दिन के दूसरे मैच में प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी ने घुम्मनहेड़ा राइजर्स हॉकी अकादमी को 4-0 से हराया। चंचल (18′), वंशिका (25′) और आरती (35′) ने एक-एक फील्ड गोल किया, जबकि कप्तान रितिका (37′) ने प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी के लिए पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया और उन्होंने बिना कोई गोल खाए मैच जीत लिया।