वर्ल्ड कप क्रिकेट : मैच के दौरान तेज गर्मी से दर्शक दीर्घा में 300 से अधिक लोग चक्कर खाकर गिरे

Share

14HSPO12 वर्ल्ड कप क्रिकेट : मैच के दौरान तेज गर्मी से दर्शक दीर्घा में 300 से अधिक लोग चक्कर खाकर गिरे

– स्टेडियम के बाहर तैनात 108 आपतकालीन एम्बुलेंस सेवा से लोगों को मिली मदद

-35 डिग्री तापमान के कारण लोगों का बुरा हाल, 10 अस्पताल में भर्ती

अहमदाबाद, 14 अक्टूबर (हि.स.)। अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में शनिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच के दौरान 300 लोग जी-घबराने, चक्कर आने आदि गर्मी जनित कारणों से गिर गए। इन सभी को 108 आपातकालीन एम्बुलेंस के जरिए चिकित्सा की गई। 10 लोगों को इलाज की जरूरत होने पर उन्हें एम्बुलेंस से समीप के अस्पताल ले जाया गया।

अहमदाबाद में शनिवार को मौसम गर्म रहा। सुबह 10 बजे 31 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। हवा की गति करीब 9 किलोमीटर प्रति घंटे की रही। स्टेडियम पहुंच लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। मैच दिन के 2 बजे से शुरू हुआ लेकिन सुबह से दर्शकों का आना शुरू हो गया था। दिन के एक बजे तक स्टेडियम के आसपास हजारों लोग इकट्ठा हो गए थे। दिन के एक बजे का तापमान 35 डिग्री के आसपास था। शाम 4 बजे तक तापमान 35 डिग्री के आसपास ही रहा। इससे पूरा वातावरण गर्म हो गया।

गर्मी झेल रहे करीब 300 दर्शक चक्कर खाकर गिर गए। प्रशासन की ओर से स्टेडियम में पहले से 12 आपातकालीन एम्बुलेंस तैनात की गई थीं। स्टेडियम में आईसीयू बेड के साथ मिनी हॉस्पिटल बनाया गया है। इसमें वेंटीलेटर के साथ 6 बेड की व्यवस्था है। इसके अलावा डॉक्टर, नर्स समेत 54 लोगों की टीम तैनात की गई है। यह पूरी टीम मैच के दौरान स्टैंडबॉय रही। मैच के दौरान स्टेडियम में करीब एक लाख दर्शक मौजूद रहे। स्टेडियम के सभी 6 गेट पर एक-एक एम्बुलेंस तैनात रखी गई। इसके अलावा फील्ड ऑफ प्ले एरिया, प्लेयर मेडिकल रूम के समीप, स्पेक्टेटर मेडिकल रूम के पास, रैम्प के समीप और फायर सेफ्टी एरिया के पास एम्बुलेंस तैनात रखी गईं। प्रशासन की ओर से नरेन्द्र मोदी स्टेडियम के समीप सरकारी एसएमएस के अलावा निजी अपोलो और केडी अस्पताल में इलाज की व्यवस्था की गई।