15HREG214 मंदसौर: कांग्रेस ने मंदसौर से विपिन जैन, सुवासरा से राकेश पाटीदार को बनाया उम्मीदवार
मंदसौर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। लंबे इंतजार के बाद श्राद्ध पक्ष खत्म होते ही नवरात्रि के प्रथम दिन रविवार को कांग्रेस ने मध्य प्रदेश विधानसभा की 144 सीटों पर नाम तय कर दिए है। मंदसौर जिले की दो विधानसभाओं पर कांग्रेस नाम तय किए हैं, जबकि दो विधानसभा सीट पर अभी पेंच फंसा हुआ है। कांग्रेस की पहली सूची में मंदसौर विधानसभा से विपिन जैन और सुवासरा विधानसभा से राकेश पाटीदार का नाम तय किया गया है।
47 वर्षीय विपिन जैन वर्तमान में कांग्रेस जिला अध्यक्ष है। इससे पहले दलोदा ग्राम पंचायत में सरपंच भी रहे हैं। विपिन जैन मंडी व्यवसाई और स्कूल संचालक भी है। यहां उनका मुकाबला भाजपा से तीन बार के विधायक यशपालसिंह सिसौदिया से होगा। वही सुवासरा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी बनाए गए राकेश पाटीदार इससे पहले भी हरदीप सिंह डंग के सामने 2020 का उपचुनाव हार चुके हैं। पार्टी ने उन्हें एक बार फिर से मौका दिया है। 42 वर्षीय राकेश पाटीदार दसवीं तक पढ़े है। उनका मुख्य व्यवसाय कृषि है। सुवासरा में राकेश का मुकाबला भाजपा के प्रत्याशी केबीनेट मंत्री हरदीपसिंह डंग से होगा।
जिले की चार विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने दो सीटों पर नाम तय किए हैं, जबकि भाजपा ने तीन विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। कांग्रेस मल्हारगढ़ और गरोठ विधानसभा पर के प्रत्यशियों के नाम पर सहमति नही बना पाई है। भाजपा ने मल्हारगढ़ विधानसभा से जगदीश देवड़ा को मैदान में उतारा है जबकि यहां कांग्रेस की दूसरी सूची का इंतजार किया जा रहा है।
मल्हारगढ पर पेंच फंसा हुआ है। यहां से पूर्व में प्रत्याशी रहें श्यामलाल जोकचंद और परशुराम सिसौदिया में कांटे की टक्कर है वहीं तीसरे विकल्प पर भी कांग्रेस के आला पदाधिकारी विचार विमर्श कर रहे है। यहां से प्रवीण मांगरिया के बाद संदीप सलोद का नाम भी आश्चर्य जनक रूप से तेजी से उभरा है। जानकारी के अनुसार वाल्मिकी समाज से आने वाले संदीप सलोद के नाम पर भी गंभीरता से विचार हो रहा है। कांग्रेस के एक बडे राष्ट्रीय पदाधिकारी द्वारा इस नाम को आगे बढाया गया है। वहीं प्रवीण मांगरिया भी अपना पूरा जोर लगाए हुए हैं।