अंतरजनपदीय चोर गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार

Share

11HCRI28 अंतरजनपदीय चोर गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार

मीरजापुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्वांचल समेत आसपास जनपद में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले अंतरजनपदीय चोर गैंग के दो सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं एक चोर पुलिस की भनक लगते ही भाग निकला। जिगना थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर हंसवार गांव में हुई चोरी की घटना को लेकर 10 दिन से पुलिस छानबीन कर रही थी। आखिरकार बुधवार को दो चोर पुलिस के हत्थे चढ़ गए और चोरी गए सात लाख रुपये के जेवरात समेत अन्य सामान भी बरामद हुआ।

अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन ओपी सिंह ने बताया, जिगना के रामपुर हंसवार गांव निवासी पकंज सिंह ने दो अक्टूबर को थाने पर तहरीर दी थी कि एक अक्टूबर की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर करीब 10 लाख रुपये के जेवरात आदि सामान चुरा ले गए। पुलिस ने अज्ञात के विरूद्ध मामला दर्ज कर छानबीन की तो पता चला कि क्षेत्र के तीन लोगों ने घटना को अंजाम दिया है, तभी से पुलिस उनकी तलाश में थी।

बुधवार को जिगना थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा को सूचना मिली कि रामपुर हंसवार गांव में चोरी करने वाले आरोपित कहीं भागने के लिए जिगना के पास सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे हैं। थानाध्यक्ष ने तत्काल मौके पर पहुंच दो आरोपित रसौली गांव निवावसी करन वर्मा व विंध्याचल निवासी विकास बिंद को गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीसरा आरोपित पुलिस की भनक लगते ही भाग निकला। गिरफ्तार चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने सोने का एक हार, छह सोेने की अंगूठी, एक मंगलसूत्र, दो सोने की चेन, एक झुमका, एक मांगटीका, एक नथिया, तीन पायल व एक बाइक बरामद किया। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि इनका एक गैंग है, जो मीरजापुर, भदोही, वाराणसी, प्रयागराज समेत आसपास के जनपद में चोरी की घटना को अंजाम देते हैं।