11HREG341 स्नान करने गए तालाब में डूबकर दो बच्चों की मौत
मीरजापुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में बुधवार को स्नान करते समय तालाब में डूबकर दो बच्चों की मौत हो गई। परिवार के विरोध के चलते मृत बच्चों के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका।
लहंगपुर के चितांग गांव के पगार मौजा निवासी दिव्यांग लालता प्रसाद का पुत्र सोनू (09) व सत्तन का पुत्र संदीप (07) बुधवार को दोपहर बाद रस्सी-बाल्टी लेकर तालाब में नहाने गए थे। तालाब से पानी निकालते समय गहरे गड्ढे (लगभग आठ से 10 फीट) में डूबने से दोनों बच्चों की मौके ही पर मौत हो गई।
काफी देर तक बच्चों के वापस न लौटने पर मौके पर पहुंची लालता की छोटी पुत्री गुड्डी ने घटना की जानकारी परिजन को दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच दोनों बच्चों के शव को पानी से निकाल घटना की जानकारी ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंचे लहंगपुर चौकी प्रभारी सदानंद सिंह पुलिस बल के साथ जांच पड़ताल में जुट गए।
दिव्यांग लालता मुसहर को दो पुत्र व आठ पुत्रियां हैं। एक पुत्र और चार पुत्री की शादी हो चुकी है। वहीं, सत्तन के तीन पुत्र हैं। मृतक सबसे छोटा पुत्र था। लालता व सत्तन पगार मौजा में झोपड़ी बनाकर अपना जीवन-यापन करते हैं।
लालगंज थाना प्रभारी अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि तालाब में बने गड्ढे में नहाने गए दोनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई है। मृत बच्चों के परिजन के विरोध के चलते दोनों शव को पोस्टमार्टम कराए बगैर ही परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।