13HREG351 केन्द्रीय उप निर्वाचन आयुक्त अजय भादू ने की इंदौर जिले में निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा
– सुव्यवस्थित और निष्पक्ष निर्वाचन की तैयारियों पर किया संतोष व्यक्त
इंदौर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त अजय भादू ने शुक्रवार को इंदौर जिले में चल रही विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की मौका मुआयना कर समीक्षा की। उन्होंने इंदौर जिले में सुव्यवस्थित और निष्पक्ष निर्वाचन के लिये की गई तैयारियों और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिले में निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप तैयारियां चल रही है। व्यवस्थाएं भी बेहतर की जा रही है। निश्चित ही चुनाव सफलता पूर्वक संपन्न होंगे। इस अवसर पर संभागायुक्त मालसिंह, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
उप निर्वाचन आयुक्त अजय भादू ने शुक्रवार को इंदौर भ्रमण कर बापट चौराहा तथा केसरबाग पहुंचकर स्थैतिक निगरानी दल (एसएसटी) के कार्यों को देखा। इस दौरान उन्होंने एसएसटी के दलों से चर्चा कर तैयारियों की जानकारी ली। इसके पश्चात भादू कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने शिकायत निवारण प्रकोष्ठ के कंट्रोल रूम को देखा। उन्होंने मौजूद अधिकारियों से चर्चा कर शिकायत निवारण की कार्य प्रणाली को समझा। उन्होंने शिकायतों के निराकरण के लिये की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर रोशन राय तथा ई-गवर्नेन्स प्रबंधक अतुल दुबे ने प्रकोष्ठ के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर बताया गया कि शिकायत प्रकोष्ठ में अभी तक कुल 31 शिकायतें प्राप्त हुई। उक्त सभी 31 शिकायतें संबंधित विभागों को निराकरण के लिये भेजी गई। इनमें से कुल 27 शिकायतें निराकृत हो चुकी हैं। शेष चार शिकायतों के निराकरण की कार्यवाही चल रही हैं।
बताया गया कि शिकायत निवारण प्रकोष्ठ कलेक्टर कार्यालय के तल मंजिल में स्थापित किया गया है। इस प्रकोष्ठ के माध्यम से राजनैतिक दलों, अभ्यर्थियों और अन्य नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण की व्यवस्था की गई हैं। इस प्रकोष्ठ में सी-विजिल एप के माध्यम से ऑनलाइन और अन्य माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निराकरण त्वरित किया जा रहा हैं। इस प्रकोष्ठ में प्राप्त शिकायतों को पंजीबद्ध किया जाता हैं। उसकी नोटशीट तैयार कर सहायक नोडल अधिकारी/नोडल अधिकारी को प्रस्तुत की जाती है। सहायक नोडल अधिकारी/नोडल अधिकारी द्वारा संबंधित आरओ/एआरओ, निर्वाचन कार्यालय या संबंधित विभाग को शिकायत भेजी जाती है। आरओ/एआरओ, निर्वाचन कार्यालय या संबंधित विभाग से समय सीमा में उत्तर प्राप्त किये जाते है। प्राप्त उत्तर का समाधान कराकर एडीएम द्वारा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को प्रस्तुत किया जाता है। उत्तर का समाधान न पाये जाने पर आरओ/एआरओ निर्वाचन कार्यालय या संबंधित विभाग को पुन: भेजा जाता है। कलेक्टर के अनुमोदन उपरांत शिकायत को नस्तीबद्ध और पंजी कर एंट्री की जाती है। इसके पश्चात शिकायतकर्ता को निराकरण से लिखित में अवगत कराया जाता है। शिकायत निवारण प्रकोष्ठ का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। विभागवार नोडल और सहायक नोडल अधिकारी तैनात किये गये हैं। प्रकोष्ठ में विधानसभा क्षेत्रवार ड्यूटी लगायी गयी है। शिकायत निवारण प्रकोष्ठ का टेलीफोन नंबर 0731-2470104 तथा 2470105 हैं।