15HREG229 मप्र विस चुनाव 2023: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन ने दतिया जिले में देखी निर्वाचन की तैयारियां
भोपाल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन रविवार को दतिया पहुंचे। यहां उन्होंने मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन 2023 के अंतर्गत की जा रही निर्वाचन संबंधी तैयारियों के बारे में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप कुमार माकिन एवं पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा से जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन ने शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय दतिया में सेवढ़ा, भाण्ड़ेर एवं दतिया विधानसभा क्षेत्र के लिए बनाये गए स्ट्रॉग रूम, मतगणना कक्ष, सीलिंग कक्षों का निरीक्षण किया। मतगणना केन्द्र पर की जाने वाली मूलभूत सुविधाओं के साथ मतदान केन्द्रों पर मतगणना अभिकर्ता, मतगणनाकर्मियों आदि के प्रवेश एवं मतगणना कक्षों में बैठक व्यवस्था देखी।