15HSPO6 प्रयागराज मंडल बना रेलवे सुरक्षा बल अंतरमंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता का विजेता
प्रयागराज, 15 अक्टूबर (हि.स.)। डीएसए रेलवे ग्राउंड में 12 से 15 अक्टूबर तक आयोजित अंतर मंडलीय रेलवे सुरक्षा बल उत्तर मध्य रेलवे क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन प्रयागराज मंडल द्वारा किया गया। जिसमें प्रयागराज मंडल ने एनसीआर मुख्यालय को पराजित कर विजेता बना।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि आरपीएफ के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमिया नंदन सिन्हा रहे। प्रतियोगिता में तीनों मंडल प्रयागराज, आगरा, झांसी व मुख्यालय उत्तर मध्य रेलवे की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता लीग आधार पर खेला गया। जिसका फाइनल मैच लीग चरण के दो सर्वश्रेष्ठ टीमों प्रयागराज मंडल व मुख्यालय उत्तर मध्य रेलवे के मध्य आज रविवार को खेला गया।
जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट का मैन ऑफ द सीरीज व फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच प्रयागराज मंडल के कप्तान लोकेंद्र सिंह, टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज मुख्यालय टीम के कप्तान अमित मीणा, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज प्रयागराज मंडल टीम के अमन खरवार व सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर प्रयागराज मंडल टीम के अमित कुमार द्विवेदी रहे।
समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमिय नंदन सिन्हा ने वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त प्रयागराज विजय प्रकाश पंडित की उपस्थिति में विजेता व उपविजेता टीमों को मेडल व ट्राफी प्रदान कर उत्साह वर्धन किया। समापन समारोह के दौरान प्रयागराज परिक्षेत्र के सभी सहायक सुरक्षा आयुक्त, निरीक्षकगण व अन्य रेलवे सुरक्षा बल कर्मी मौजूद रहे।