14HREG324 रतलाम: कौन होगा उम्मीदवार, मतदाता और राजनीतिक दल के कार्यकर्ता कर रहे है इंतजार
रतलाम, 14 अक्टूबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव की चहल-पहल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी से किस विधानसभा में कौन-कौन प्रत्याशी होंगे इसका इंतजार मतदाता भी कर रहे है और कार्यकर्ता भी? प्रशासन ने तो अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। राजनैतिक शिकायत के चलते कलेक्टर नरेन्द्रकुमार सूर्यवंशी को भोपाल वल्लभ भवन में पदस्थ किया गया है, उनके स्थान पर वल्लभ भवन से भास्कर लक्षकर ने शनिवार को दोपहर 3 बजे करीब कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर का पद्भार संभाला। आते ही उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर चुनाव समीक्षा की तैयारियां भी प्रारंभ कर दी है।
जिले में पांच विधानसभा है,जिसमें रतलाम तथा जावरा विधानसभा सामान्य, सैलाना तथा रतलाम ग्रामीण अजजा एवं आलोट विधानसभा अनुसूचित जाति (अजा) सुरक्षित सीट है।
काश्यप व चारेल के नाम की घोषणा
भारतीय जनता पार्टी ने रतलाम शहर से विधायक चेतन्य काश्यप को पुन: उम्मीदवार बनाया है। यह लगातार तीसरी बार भाजपा के प्रत्याशी होंगे। वहीं सैलाना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की संगीता चारेल जो 2013 में विधायक रह चुकी है उन्हें प्रत्याशी घोषित किया है। रतलाम शहर में कांग्रेस का उम्मीदवार कौन होगा इसकी चर्चा लम्बे अरसे चल रही है और जिनका नाम सुर्खियों में रहा मयंक जाट उन्हें न्यायलयीन प्रक्रिया के चलते चुनाव लडऩे वंचित रहना पडेगा। यही उम्मीदवार कांग्रेस का प्रबल और भाजपा के लिए प्रतिद्वंदी उम्मीदवार माना जा रहा था। अब कांग्रेस किसे उम्मीदवार बनाती है यह चर्चा जोरो पर है।
एक-दो दिन में हो सकती है घोषणा
इसी प्रकार जावरा,रतलाम ग्रामीण, आलोट में भाजपा और कांग्रेस का कौन उम्मीदवार होगा, इसकी चर्चा है ? जहां तक सैलाना विधानसभा क्षेत्र का सवाल है यहां कांग्रेस की ओर से वर्तमान विधायक हर्षविजय गेहलोत ही उम्मीदवार माने जा रहे है। संभवत: जिनकी घोषणा भी एक-दो दिन में संभावित है। दोनों ही दल शायद इस इंतजार में है कि पहले कौन घोषणा करें? शनिवार को सर्वपितृ अमावस्या होने के कारण शायद घोषणा नहीं हो पाई, लेकिन अब उम्मीद की जा रही है कि नवरात्रि के प्रथम दिन से ही उम्मीदवारों की घोषणाओं का सिलसिला प्रारंभ हो जाएगा।
वर्तमान विधायक भी आशांवित है
जिले में जावरा,रतलाम ग्रामीण तथा आलोट के वर्तमान विधायक क्रमश: भाजपा के डा. राजेन्द्र पाण्डेय ,दिलीप मकवाना तथा कांग्रेस के मनोज चावला पुन: उम्मीदवारी के लिए आशांवित है, लेकिन पार्टी में अन्य नेताओं की दावेदारी के कारण लगता है मामला थोड़ा खिंचा रहा है। इनमें से कौन उम्मीदवार बनेगा यह अधिकृत तौर पर पार्टी हाईकमान के नेता ही बता सकते है। जिला और क्षेत्र स्तर पर इनकी दावेदारी के संबंध में कोई भी कहने को तैयार नहीं है। इसका खुलासा भी शीघ्र हो जाएगा कि कौन उम्मीदवार किस पार्टी का होगा।
राजपत्र में अधिसूचना 21 को
चुनाव की आचार संहिता तो 9 अक्टूंबर से ही चुनाव की घोषणा के साथ लागू हो गई है, उसी के अंतर्गत जिला प्रशासन ने सभी कार्रवाईयां प्रारंभ कर दी है। आम जनता के लिए जारी सूचना के साथ ही राजनैतिक दलों को भी दिशा-निर्देश दे दिए गए है कि उन्हें चुनाव के दौरान और आचार संहिता के चलते किन-किन निर्देशों का पालन करना है। राजपत्र में अधिसूचना 21 अक्टूंबर को जारी होगी। इसके साथ ही नामांकन फार्म भरने की प्रक्रिया भी जारी हो जाएगी। यह प्रक्रिया 30 अक्टूंबर तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 31 अक्टूंबर को तथा उम्मीदवारी वापस लेने की तारीख 2 नवंबर है। निर्वाचन सारे मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को संपन्न होंगें। इसी के साथ रतलाम जिले में भी मतदान होगा तथा मतगणना भी प्रदेश में एक साथ 3 दिसंबर को होगी।