पूर्व महापौर ने चाट व्यापारी के घर जाकर दिया आर्थिक मदद का चेक

Share

15HREG205 पूर्व महापौर ने चाट व्यापारी के घर जाकर दिया आर्थिक मदद का चेक

प्रयागराज, 15 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने रविवार को कीडगंज के मृतक चाट व्यापारी विशाल उर्फ राजन गुप्ता के घर जाकर उनके परिजनों को नन्दी सेवा संस्थान की तरफ से 1.20 लाख रुपए का चेक देते हुए आर्थिक मदद की। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं प्रयागराज शहर दक्षिणी विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने पीड़ित परिवार से पूर्व में ही मदद का वादा किया था।

मंत्री नन्दी के वादे को पूरा करते हुए पूर्व महापौर ने आज पीड़ित परिवार के घर जाकर चेक सौंपा और हर संभव मदद का वादा किया। इस दौरान पीड़ित परिवार ने मोबाइल पर मंत्री नन्दी से बात की। नन्दी ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि कोई भी समस्या हो तो जरूर बताएं, हर संभव मदद की जाएगी।

30 दिसम्बर 2021 की रात एक मनबढ़ वर्दीधारी जवान ने चाट व्यापारी विनोद गुप्ता के दुकान पर फायरिंग और बमबाजी की थी। इस घटना में चाट व्यापारी के दो बेटे समेत तीन लोग घायल हुए थे, जिसमें इलाज के दौरान विशाल उर्फ राजन गुप्ता की मौत हो गई थी। घटना के बाद नन्दी ने मृतक चाट व्यापारी के घर जाकर परिजनों को ढांढस बंधाते हुए आजीवन 10 हजार रुपए आर्थिक मदद दिए जाने का वादा किया था।

एक वर्ष बाद आज पूर्व महापौर ने मृतक चाट व्यापारी के घर जाकर 1.20 लाख रुपए का चेक दिया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद रुद्रसेन जायसवाल, पूर्व पार्षद आभा द्विवेदी, शैलेंद्र द्विवेदी, संदीप श्रीवास्तव, सेक्टर संयोजक सतीश जायसवाल, प्रेमचंद गुप्ता, प्रणविजय सिंह एवं परिजन उपस्थित रहे।