13HREG405 श्रीअन्न के प्रति जनजागरूकता को कृषि विभाग निकालेगा रोड शो
मीरजापुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत जनपद स्तरीय श्रीअन्न मिलेट्स रोड शो का आयोजन 15 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से होगा। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल हरी झंडी दिखाकर रोड शो को विकास भवन पथरहिया से रवाना करेंगी। रोड शो भरुहना चौराहा, तहसील चौराहा, पुलिस लाइन, रमईपट्टी, कचहरी रोड, फतहां, एसपी कार्यालय होते हुये कृषि भवन पिपराडाड़ में समाप्त होगा।
उप कृषि निदेशक विकेश पटेल ने बताया कि रोड शो के माध्यम से आम जनमानस को श्रीअन्न मिलेट्स ज्वार, बाजरा, सांवा, कोदो, रागी, मडुआ की खेती को बढ़ावा देने और दैनिक आहार में शामिल करने के लिये जागरुक किया जायेगा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने जनपद सलाहकार डा. सुधीर श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी बनाया है।
पोषक तत्वों से भरपूर है श्रीअन्न
उप कृषि निदेशक विकेश पटेल ने बताया कि श्रीअन्न के खाद्य पदार्थों में पोषक तत्वों का भंडार है। इसमें प्रति 100 ग्राम में 11.6 ग्राम प्रोटीन, 67.5 ग्राम कार्बोहाइड्रेट, 8 मिलीग्राम लौह तत्व, 132 ग्राम कैरोटीन आंखों की सुरक्षा करता है। फाइबर अधिक पाया जाता है। इसमें विटामिन बी3, बी6, फास्फोरस, मैग्नीशियम, फाइबर आदि प्रचुर मात्रा में मिलता है। शरीर को स्वस्थ और ऊर्जा बनाए रखने में मददगार है।