14HREG390 आम आदमी पार्टी का आरोप, मप्र में चुनाव आते ही कालाधन और नकली नोट का कारोबार तेजी से बढ़ने लगा
भोपाल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में चुनाव करीब आते ही कालाधन और नकली नोट पकड़ाने की घटनाएं बढ़ने को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि चुनाव करीब आते ही नकली नोट और कालेधन के सौदागर अब बाहर निकलने शुरू हो गए हैं। कालाधन और नकली नोट चुनाव की आड़ में खपाने का धंधा तेजी से बढ़ रहा है, ये बेहद चिंताजनक है।
रानी अग्रवाल ने शनिवार को अपने बयान में कहा कि उज्जैन में 2 लाख 5 हजार के नकली नोटों के साथ 3 आरोपियों का गिरफ्तार होना केवल उज्जैन तक सीमित नहीं हैं बल्कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ये रैकेट काम कर रहा होगा। उन्होंने कहा कि कालाधन का चुनाव में इस्तेमाल और नकली नोटों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए प्रदेश भर में पुलिस और प्रशासन को बारीकी से नजर रखनी होगी।
रानी अग्रवाल ने कहा कि ये हर बार के चुनाव में होता है। चुनाव करीब आते ही कालाधन रखने वाले और नकली नोट का धंधा करने वाले लोग तेजी से सक्रिय होते हैं। चुनाव में कालेधन का इस्तेमाल हार जीत तय करने में किया जाता है। उन्होंने कहा कि मैं चुनाव आयोग और सभी जिलों के प्रशासनिक अफसरों, पुलिस अफसरों से कहना चाहती हूं कि निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए जरूरी है कि कालेधन और नकली नोटों के कारोबार पर बारीकी से नजर रखी जाए और सख्ती से रोक लगाई जाए।