17HREG20 मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘स्वच्छता लीग मैराथन’ का किया शुभारंभ
-मुख्यमंत्री ने बाबा केदार-बदरीविशाल और मां गंगा से प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु की कामना
देहरादून, 17 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर परेड ग्राउंड में निगम की ओर से आयोजित ‘स्वच्छता लीग मैराथन’ का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा केदार, भगवान बदरीविशाल और मां गंगा से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु होने की कामना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर अपने ट्विटर संदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उन्हें विश्व का सर्वाधिक लोकप्रिय नेता बताया। उन्होंने बाबा केदार से प्रार्थना है कि आपके कुशल नेतृत्व में देश उत्तरोत्तर प्रगति करते हुए विकास के नए आयाम स्थापित करे। देवाधिदेव महादेव से आपके स्वस्थ, सुदीर्घ एवं सुयशपूर्ण जीवन की कामना करता हूं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अब तक के 09 साल के कार्यकाल में देश ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। आज पूरे विश्व में भारत का मान, सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है। वैश्विक स्तर पर भारत की साख बढ़ी है। विश्व के अनेक देशों में 21 जून को योग दिवस मनाया जाता है। इसे वैश्विक स्तर पर ले जाने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया।
उन्होंने कहा कि भारत की अध्यक्षता में आयोजित जी-20 की देशभर में 200 से भी अधिक स्थानों पर बैठकें हुईं। जी-20 की तीन बैठकें आयोजित करने का अवसर उत्तराखंड को भी मिला। इस समिट में भारत की संस्कृति और सामर्थ्य को विश्व ने देखा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 को वैश्विक स्तर पर मिलेट वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने भारत के श्री अन्न को वैश्विक स्तर पर अलग पहचान दिलाने का कार्य किया है। आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उन्होंने बाबा केदारनाथ की भूमि से कहा था कि इक्कीसवीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए राज्य सरकार हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री के सहयोग से राज्य में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का राज्य में तेजी से विस्तार हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के कालखण्ड में राज्य को डेढ़ लाख करोड़ से अधिक योजनाएं मिली हैं। पर्यटन, कृषि, बागवानी, शिक्षा, चिकित्सा, तकनीकी क्षेत्र सभी में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस मौके पर मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजानदास, नगर आयुक्त मनुज गोयल, अनिल गोयल उपस्थित थे।