10HREG208 सोशल मीडिया एक ताकतवर प्लेटफार्म, दुष्प्रचार करने वाले विरोधियों को करारा जवाब दें : स्वामी
मुरादाबाद, 10 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद जिला इकाई के तत्वावधान में सोशल मीडिया और आईटी की संयुक्त कार्यशाला बुद्धि विहार स्थित पार्टी कार्यालय पर संपन्न हुई।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा पश्चिमी क्षेत्र के क्षेत्रीय आईटी संयोजक अंबर स्वामी ने कहा कि विपक्षी दलों और असामाजिक तत्वों की ओर से सोशल मीडिया पर सरकार व भाजपा के खिलाफ फैलाए जाने वाले दुष्प्रचार के खिलाफ विरोधियों को मजबूत साक्ष्य के साथ करारा जवाब दें।
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में हुए सकारात्मक बदलाव की सच्ची तस्वीर हर हाल में जनता तक पहुंचनी चाहिए। इसके लिए सोशल मीडिया सबसे ज्यादा ताकतवर प्लेटफॉर्म है। अंबर स्वामी ने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म की बड़ी भूमिका है। वर्तमान दौर युवा शक्ति का है, युवा शक्ति सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा सक्रिय है। युवाओं के बीच अपनी बात पहुंचाने का सोशल मीडिया ही सबसे बेहतर तरीका व सशक्त माध्यम है।
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग और जी-20 की सफल बैठक भारत की अध्यक्षता में संपन्न होने के बाद पूरी दुनिया ने भारत का लोहा माना है। सोशल मीडिया पर इसका अधिक से अधिक प्रचार हमारी जिम्मेदारी है।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक देख विरोधी फेक आईडी को हथियार बनाकर काम कर रहे हैं। ऐसे सोशल मीडिया और आईटी सेल की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।