शिवपुरी : पिछोर से कांग्रेस विधायक केपी सिंह पर मामला दर्ज

Share

11HREG363 शिवपुरी : पिछोर से कांग्रेस विधायक केपी सिंह पर मामला दर्ज

– महिलाओं पर गंदी टिप्पणी का वीडियो वायरल हुआ था

शिवपुरी, 11 सितंबर (हि.स.)। शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से विधायक केपी सिंह द्वारा महिलाओं के संदर्भ में गंदी टिप्पणी के मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में धारा 294 बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर एक रैली निकाली और विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान थाने में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने एक शिकायत दर्ज कराई और इस शिकायत के आधार पर पिछोर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। पिछोर विधानसभा सीट से पिछले छह बार से विधायक के पद पर केपी सिंह निर्वाचित होते हुए आ रहे हैं। भाजपा यहां पर काफी प्रयासों के बाद भी जीत दर्ज नहीं कर पा रही है। अब भाजपा ने यहां पर दो बार से हराते हुए आ रहे प्रीतम लोधी को अपना उम्मीदवार बनाने की घोषणा पिछले दिनों की है।

पिछोर विधानसभा से कांग्रेस विधायक केपी सिंह द्वारा महिलाओं के संदर्भ में की गई गंदी टिप्पणी का एक वीडियो पिछले दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वायरल वीडियो के बाद इस क्षेत्र में मामला गर्मा गया है। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। कस्बे में रैली निकालकर धरना दिया। इस बीच भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने विधायक केपी सिंह का पुतला भी जलाया। महिलाओं का कहना था कि ऐसी गंदी टिप्पणी करने वाले विधायक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पिछोर से कांग्रेस विधायक केपी सिंह का वीडियो वायरल होने के बाद उन्होंने इस संदर्भ में अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि इस वीडियो को तोड़मरोड़ कर पेश किया गया है। इसके अलावा उन्होंने इस वीडियो को लेकर कहा था कि अगर किसी को इससे ठेस पहुंची हो तो मैं माफी मांगता हूं।