शिवपुरी: कोलारस विधायक दे रहे हैं भाजपा को झटके पर झटके

Share

16HREG303 शिवपुरी: कोलारस विधायक दे रहे हैं भाजपा को झटके पर झटके

– भाजपा छोड़ने वाले विधायक की जयवर्धन से बढ़ रही हैं नजदीकियां

शिवपुरी, 16 सितंबर (हि.स.)। शिवपुरी जिले के कोलारस से विधायक वीरेंद्र रघुवंशी लगातार भाजप को झटके पर झटके दे रहे हैं। वीरेंद्र रघुवंशी ने 23 भाजपा नेताओं को पार्टी से इस्तीफा दिलवाकर कमलनाथ के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता दिलवाई है। अशोकनगर में संविधान बचाओ सभा के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सीएम कमलनाथ की मौजूदगी में शिवपुरी जिले के 23 भाजपा नेताओं को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई गई। इस मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी मौजूद रहे। भाजपा छोड़ने के बाद कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी लगातार अपनी पुरानी पार्टी को झटके पे झटके दे रहे हैं।

जयवर्धन से बढ़ रही हैं नजदीकियां-

कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी द्वारा कांग्रेस में अपनी पेंठ बढ़ाई जा रही है। 23 भाजपा नेताओं को पार्टी छुड़वाने के बाद उनकी कांग्रेस में पूछपरख भी बढ़ गई है। खासकर दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन के साथ उनकी ज्यादा नजदीकियां देखी जा रही हैं। अशोकनगर में संविधान बचाओ जनसभा का जो आयोजन किया गया था उसमें जयवर्धन सिंह की मुख्य भूमिका रही है। इस दौरान कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने भी इस सभा के लिए काफी मेहनत की। शिवपुरी, कोलारस, अशोकनगर, चंदेरी आदि स्थानों से रघुवंशी समाज के कई नेताओं व समाज बंधुओं को वीरेंद्र रघुवंशी ने इस सभा के लिए एकजुट किया। कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने भाजपा में सेंधमारी करते हुए जनपद सदस्य, सरपंच और भाजपा मंडल के कई पदाधिकारियों सहित अपने अनेक समर्थकों को कांग्रेस की सदस्यता दिलावाई है। उनके द्वारा करीब 23 लोगों को कमलनाथ के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करा दी। इनमें आशा देवी यादव जनपद उपाध्यक्ष कोलारस, सुमित यादव पार्षद बदरवास, कल्याण गुर्जर भाजपा मंडल अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा, गोलू यादव सरपंच बडेरा, घनश्याम परिहार सरपंच अनंतपुर, गोविंद केवट जनपद सदस्य, दानकुअंर बाई सरपंच, नितिन डांगी सरपंच, राजकुमार परिहार भाजपा मंडल महामंत्री बदरवास, जयदीप शर्मा भाजपा मंडल उपाध्यक्ष किसान मोर्चा, आशीष यादव विधायक प्रतिनिधि, अमन यादव विधायक प्रतिनिधि, राजीव यादव विधायक प्रतिनिधि, शिशुपाल यादव भाजपा मंडल महामंत्री बदरवास, राजू यादव ग्राम बांसखेड़ा, जसवंत गोस्वामी ग्राम गुडाल, रामू यादव, महेंद्र कुशवाह, सिद्धेश यादव, प्रवेश रघुवंशी ग्राम अनंतपुर, प्रवेश रघुवंशी विधायक प्रतिनिधि, गोविंद यादव ग्राम सुमेला, नीलू चौबे मंडल मंत्री के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

सिंधिया पर लगाए थे आरोप-

कोलारस से विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने पिछले दिनों भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। वीरेंद्र रघुवंशी ने अपना इस्तीफा देने के दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थक मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए थे। एक पत्रकारवार्ता कर वीरेंद्र रघुवंशी ने यह आरोप लगाए थे और इसके बाद भाजपा से नाता तोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया था।