इंदौर में 13 को निकलेगी देवी अहिल्याबाई की पालकी यात्रा, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ होंगे शामिल

Share

10HREG278 इंदौर में 13 को निकलेगी देवी अहिल्याबाई की पालकी यात्रा, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ होंगे शामिल

इंदौर, 10 सितंबर (हि.स.)। लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 228वीं पुण्यतिथि पर आगामी 13 सितंबर को इंदौर में पालकी यात्रा निकाली जाएगी। इसमें उत्तर प्रदेश (यूपी) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। उन्होंने इसकी सहमति अहिल्योत्सव समिति को दे दी है। उनके आगमन को देखते हुए समिति ने कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। यह जानकारी रविवार को पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने दी।

उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि देवी अहिल्याबाई होल्कर की 228वीं पुण्यतिथि 13 सितंबर को मनायी जाएगी। इस दिन देवी अहिल्या की पालकी हमेशा की तरह गांधी हाल से राजवाड़ा तक निकलेगी। यात्रा शाम 5.30 बजे निकलेगी, लेकिन कार्यक्रम दोपहर तीन बजे रवींद्र नाट्यगृह में होगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से यात्रा में शामिल होने को लेकर चर्चा हुई है और उन्होंने मौखिक सहमति दी है।

आयोजन के संयोजक सुधीर देड़गे ने बताया कि समिति की बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की जानकारी सुमित्रा महाजन ने दी है। समिति ने आयोजन के आमंत्रण पत्र भी छपवा लिए थे, लेकिन अब नए सिरे से आमंत्रण पत्र प्रकाशित कराए जा रहे हैं।