प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया में बढ़ रहा भारत का मानः शिवप्रकाश

Share

17HREG248 प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया में बढ़ रहा भारत का मानः शिवप्रकाश

– पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने किया प्रधानमंत्री मोदी पर केंद्रित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन

भोपाल, 17 सितंबर (हि.स.)। भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व पटल पर अपनी अलग छाप छोड़ रहा है। दुनिया के संपूर्ण देश भारत के साथ चल रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत का दुनिया में मान बढ़ रहा है और भारत पुनः विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर है। ऐसे विराट व्यक्तित्व एवं विश्व के प्रसिद्व लोकप्रिय नेता मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा मध्यप्रदेश की ओर से उनके यशस्वी जीवन की शुभकामना देते हैं और परमात्मा से प्रार्थना करते हैं कि वे आगामी समय में भी इसी प्रकार देश का नेतृत्व करते रहें।

यह बात पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने रविवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए कही। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जेपीएस राठौर ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर चित्र प्रदर्शनी की सराहना की।

आज दुनिया की नजरें भारत की ओर हैं

शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का आज 73वां जन्मदिवस है। उन्होंने गुजरात में 15 वर्ष मुख्यमंत्री रहते हुए और प्रधानमंत्री के रूप में पिछले नौ वर्षों से जो काम किया है, उस पर आधारित प्रदर्शनी का आज उद्घाटन कर संपूर्ण समाज के लिए समर्पित किया है। सौभाग्य से जी-20 एवं चन्द्रयान की लॉचिंग का जो यशस्वी काम हुआ है एवं प्रधानमंत्री ने वैज्ञानिकों को जो सुविधा उपलब्ध कराई है वह देश के लिए गौरव की बात है।

इस अवसर पर पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, पार्टी के प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, महापौर मालती राय सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सेवा पखवाड़ा के रूप में मनेगा जन्मदिवस

भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा पखवाड़े के रूप में मना रही है। इसकी शुरुआत रविवार से हो गई है। यह पखवाड़ा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 02 अक्टूबर तक चलेगा। सेवा पखवाडा के अंतर्गत आयुष्मान भव के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के हितग्राही प्रधानमंत्री के दीर्घायु की कामना करेंगे। इस दौरान रक्तदान से लेकर स्वच्छता अभियान और बस्ती संपर्क के कार्यक्रम चलाए जाएंगे। युवा मोर्चा द्वारा प्रत्येक जिले में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा तथा पार्टी का चिकित्सा प्रकोष्ठ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करेगा।

25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जंयती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण, प्रत्येक बूथ पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि और संगोष्ठियों के कार्यक्रम होंगे। 26 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच बूथ सशक्तिकरण अभियान के द्वितीय चरण का क्रियान्वयन होगा। साथ ही बस्ती संपर्क के कार्यक्रम आयोजित होंगे। 2 अक्टूबर गांधी जयंती को सार्वजनिक स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। सेवा पखवाडा के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधियों के साथ पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे।