वंदे मातरम् गीत दिवस पर हिन्दू युवा वाहिनी ने निकाली तिरंगा संग क्रांतिकारी शोभा यात्रा

Share

07HREG357 वंदे मातरम् गीत दिवस पर हिन्दू युवा वाहिनी ने निकाली तिरंगा संग क्रांतिकारी शोभा यात्रा

वाराणसी,07 सितम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 73वीं वर्षगांठ गुरुवार को हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने खास तरीके से मनाई। मैदागिन स्थित गोरक्षनाथ मंदिर से हिन्दू युवा वाहिनी और त्रिशक्ति सेवा फाउण्डेशन के संयुक्त बैनर तले कार्यकर्ताओं ने विशाल तिरंगे के साथ क्रांतिकारी शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में विशाल तिरंगे के साथ ट्राली रिक्शे पर अमर शहीद क्रांतिकारियों की तस्वीरें लोगों में आकर्षण का केन्द्र रही। कड़ी सुरक्षा के बीच शोभा यात्रा मैदागिन, कबीर चौरा, पिपलानी कटरा, लहुराबीर से चेतगंज, बेनियाबाग, नई सड़क होते हुए गिरजाघर चौराहा स्थित शहीद ऊधम सिंह पार्क पर पहुंच कर समाप्त हुई। शोभा यात्रा में शामिल कार्यकर्ता भारत माता की जय, शहीदों के नाम का जयघोष करते हुए पूरे राह देशभक्ति भरे गीतों पर तिरंगा लहराते हुए चल रहे थे। भव्य शोभा यात्रा का नेतृत्व वाहिनी के मंडल अध्यक्ष अंबरीश सिंह भोला ने किया। शोभा यात्रा में वाहिनी के मनीष पांडेय, मनीष मिश्रा, आशुतोष सिंह, शुभम सिंह,अभिषेक गौतम, अजय सिंह, सहित सभी मंडलों के कार्यकर्ता शामिल रहे।