08HREG416 तीन दिवसीय किसान मेले में नवीनतम जानकारी से लाभान्वित होंगे किसान
कानपुर,08 सितम्बर (हि.स.)। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर में 8 अक्टूबर से लगने वाले तीन दिवसीय किसान मेले में कृषि उद्योग से जुड़ी नवीनतम जानकारियों से किसान लाभान्वित होंगे । यह बात शुक्रवार को हुई वर्चुअल बैठक में सीएसए के कुलपति डॉ आनंद कुमार सिंह ने कही।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में 8 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक लगने वाले तीन दिवसीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी की तैयारियों को लेकर कोई कमी न छोड़ा जाय। मेले को भव्य रूप देने के लिए बनी विभिन्न समितियों के अध्यक्षों एवं संयोजक से तैयारी के सम्बन्ध में प्रगति जानी।
कुलपति ने मेले में आने वाले किसानों को सुविधा देने की बात कही और स्टालों पर किसानों को सरल भाषा में तकनीकी की जानकारी दी जानी चाहिए। जिससे किसान जानकारी का आसानी से उपयोग कर सकें। मेले के दौरान कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिदिन कृषक संगोष्ठी एवं चौपाल का आयोजन किया जाए। इसमें कृषि वैज्ञानिक किसानों को नवीनतम जानकारी से लाभान्वित करें।
बैठक में कुलपति का स्वागत निदेशक प्रसार डॉक्टर आरके यादव ने किया। जबकि अंत में धन्यवाद निदेशक शोध डॉ पी के सिंह ने किया।इस अवसर पर डॉ पीके उपाध्याय, डॉक्टर सीएल मौर्य, डॉ पी के सिंह,डॉ महक सिंह एवं डॉक्टर राम बटुक सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।