भोपालः कांग्रेस ने भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के बंगले का किया घेराव, पोस्टर पर कालिख पोती

Share

13HREG325 भोपालः कांग्रेस ने भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के बंगले का किया घेराव, पोस्टर पर कालिख पोती

भोपाल, 13 सितंबर (हि.स.)। राजधानी भोपाल में युवक की पिटाई और उसके ऊपर पेशाब करने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को हुजूर विधानसभा क्षेत्र भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के बंगले का घेराव किया। बंगले के बाहर लगे पोस्टर पर कालिख पोती। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक शर्मा और प्रदेश सरकार के विरोध में मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इस दौरान पुलिस जवानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। कांग्रेस का आरोप है कि बिलखिरिया इलाके में युवक की पिटाई और उसके ऊपर पेशाब करने वाले आरोपी विधायक रामेश्वर शर्मा के करीबी हैं।

दरअसल, मंगलवार को एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक की कुछ लोगों द्वारा पिटाई की गई और जब वह बेहोश होने लगा तो उस पर पेशाब कर दी गई। मामला भोपाल के बाग सेवनिया थाना क्षेत्र के ग्राम चोपड़ा का है। पीड़ित युवक गांव का कोटवार बताया जा रहा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर किया है। हालांकि, मामला कुछ दिन पुराना बताया गया है। बताया जा रहा है कि जिन लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है उनका राजनीतिक संबंध है।