17HREG107 हवन-पूजन कर भाजपाइयों ने मनाया पीएम मोदी का जन्मदिन
बलिया, 17 सितम्बर (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री अरुण सिंह बंटू के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 73वें जन्मदिन के अवसर पर रविवार को रामपुर स्थित गायत्री मंदिर पर विधि विधान से हवन पूजन कर नरेंद्र मोदी के दीर्घायु की कामना किया गया। जिला मंत्री अरुण सिंह बंटू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में एक ऐसे ओजस्वी, निर्णायक तथा विकासोन्मुख नेता हैं, जिनका पूरा जीवन संघर्ष की मिसाल रहा है।
उन्होंने कहा कि बहुत कम उम्र से ही उन्होंने अपने जीवन को देश की सेवा में लगा दिया था। आज उन्होंने एक लोकप्रिय नेता के रूप में विश्व पटल पर अपनी अविस्मरणीय छवि बनायी है। आज माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे देश की जनता के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने वाले एक विकासोन्मुख नेता के रूप में उभरे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन साहस, संवेदना तथा सतत् कठिन परिश्रम वाला रहा है। उन्होंने निचले स्तर के कार्यकर्ता, एक संगठक तथा अपने गृह राज्य गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने 13 वर्ष के लंबे शासनकाल के दौरान एक प्रशासक के रूप में अपने कौशल का परिचय दिया। वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री के रूप में नौ साल के कार्यकाल में देश को विकास के पथ पर ले जाने के लिए कई ऐतिहासिक कार्य किया। अत्यन्त ऊर्जावान्, समर्पित और दृढ़निश्चयी पीएम मोदी एक अरब से भी अधिक भारतीयों की आकांक्षाओं और आशाओं के सम्बल हैं। उन्होंने भारतवासियों के हृदय में सुशासन के द्वारा ‘अच्छे दिन आने’ की अलख जगाई और अपनी सरकार द्वारा राष्ट्र को आन्तरिक एकता, विकास और आत्मविश्वास के साथ विश्वफलक पर सुदृढ़ राष्ट्र के रूप में प्रतिष्ठित करने का संकल्प लिया। वे निरन्तर इसी दिशा में प्रयासरत हैं। जी-20 का सफल आयोजन कर पूरे विश्व में भारत का मान-सम्मान व गौरव बढ़ाने का काम किया है। हवन पूजन के समय कमलेश सिंह, अरविंद तिवारी, आलोक सिंह मोनू, रोहित सिंह, अनिल सिंह, गणेश गुप्ता, चंद्रभूषण पांडेय, अभिषेक गुप्ता सेठू, बृजेश सिंह, सुनील सिंह, रमेश पांडेय, आशीष शर्मा, गौरी शंकर सिंह, राजकुमार राव आदि थे।