अयोध्या : सरयू में जटायु क्रूज का पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया शुभारंभ

Share

08HREG385 अयोध्या : सरयू में जटायु क्रूज का पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया शुभारंभ

अयोध्या,08 सितम्बर (हि.स.)। रामनगरी में सरयू की जल धारा में रेस्टोरेंट वाला जटायु क्रूज का शुक्रवार को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुभारम्भ किया। अब डबल इंजन वाले क्रूज का स्थानीय लोगों के अलावा पर्यटक भी सफर का आनंद ले सकेंगे। इसके माध्यम से रामनगरी की पौराणिकता से रू-ब-रू होकर आनन्दित होंगे।

उल्लेखनीय है कि अयोध्या में पर्यटकों के लिए सरयू नदी में दुबई के तर्ज पर क्रूज चलाये जाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। अयोध्या क्रूज लाइंस और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से विशेष जटायु क्रूज को दुबई से मंगाया गया है।

18 किमी की यात्रा दो घण्टे तक करेंगे यात्री

अयोध्या क्रूज लाइंस के प्रबंध निदेशक राहुल शर्मा ने बताया कि इसमें बैठने के लिए नीचे दो कंपाउंड बने हैं। जिसमें 35-35 की संख्या में यात्री बैठ सकेंगे। टॉप यानी की छत पर 20-20 यात्रियों को खड़े होने की व्यवस्था है। प्रतिदिन यह क्रूज नया घाट से गुप्तार घाट तक यात्रा कराएगा। नयाघाट से गुप्तारघाट की दूरी 50 मिनट में तय करने के बाद 20 मिनट का ठहराव होगा और फिर वापसी होगी। नयाघाट से ही चढ़ने और उतरने की व्यवस्था होगी। गुप्तारघाट पर अगर कोई यात्री उतरना चाहेगा तो वो उतर सकता है लेकिन चढ़ने की कोई व्यवस्था नहीं होगी। उन्होंने कहा कि 18 किमी की यात्रा दो घंटे में पूरी करने का लक्ष्य है।

एक यात्री का 300 रूपये होगा किराया

क्रूज में एक यात्री का किराया 300 रुपये रखा गया है। जिससे की मध्यम वर्ग के लोग भी यात्रा का आनंद ले सकें। इस दौरान जितने भी पौराणिक घाट और मठ मंदिर दिखाई देंगे। उन सभी पौराणिक स्थलों की जानकारी बोट में उपस्थित गाइड द्वारा दी जाएगी। प्रबंध निदेशक राहुल शर्मा ने बताया कि इस रेस्टोरेंट वाली क्रूज में यात्रियों को स्नैक्स के रूप में कोल्ड ड्रिंक, पानी, बिस्कुट देंगे। इसके लिए वेटर भी मौजूद होंगे। जटायु क्रूज संचालन के बाद जल्द ही पुष्पक क्रूज को भी उतरने की तैयारी है। जिसका अनुमानित किराया 800 रुपये होगा।

तीन फुट पानी में भी सफलतापूर्वक होगा संचालन

शर्मा ने बताया कि यह जटायु क्रूज डबल इंजन का बोट है। इसकी खासियत है कि यह तीन से चार फीट के कम पानी में भी आसानी से चल सकेगा। वर्तमान में तो पानी की कोई कमी नहीं है लेकिन आगे संकट होने पर भी संचालन प्रभावित नहीं होगा। क्रूज पर एक कैप्टन और हवाई जहाज की तर्ज पर होस्टेज की भी तैनाती की गई है ।

इस अवसर सांसद लल्लू सिंह, बीकापुर विधायक अमित सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सहित सिंह , मंडलायुक्त गौरव दयाल, अयोध्या विकास प्राधिकरण एवं नगर आयुक्त विशाल सिंह ,भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह सहित जिले के आला अधिकारी एवं क्रूज से जुड़े लोग उपस्थित रहे।