18HREG43 राजगढ़ः नर्मदेश्वर महादेव अयोध्या प्रतिष्ठा यात्रा का 19 को ब्यावरा में आगमन
राजगढ़, 18 अगस्त (हि.स.)। ओंकारेश्वर से अयोध्या जा रही राष्ट्रसमर्पित नर्मदेश्वर महादेव शिवलिंग यात्रा शनिवार, 19 अगस्त को ब्यावरा पहुंचेगी, जहां पीपल चैराहा पर रात्रि 8 बजे से भक्तगण शिवलिंग का दर्शनलाभ ले सकेंगे, वहीं 20 अगस्त रविवार प्रातः 8 बजे तक अंजनीलाल धाम मंदिर पर भी श्रद्धालुओं को दर्शन लाभ हो सकेगा।
राष्ट्र समर्पित नर्मदेश्वर महादेव अयोध्या प्रतिष्ठा यात्रा समिति ब्यावरा ने शुक्रवार को बताया कि राष्ट्रीय संत श्री श्री 1008 अवधूत नर्मदानंद बापजी नजर निहाल आश्रम ओंकारेश्वर के सानिध्य में नर्मदेश्वर महादेव अयोध्या में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में स्थापित होंगे, जिसको लेकर राष्ट्र समर्पित नर्मदेश्वर महादेव अयोध्या प्रतिष्ठा यात्रा ओंकारेश्वर से प्रारंभ होकर 23 अगस्त को अयोध्या में भगवान श्रीराम के चरणों में सम्पन्न होगी। पूज्य गुरुदेव एवं मां नर्मदा की असीम कृपा से भव्य रथ यात्रा का आगमन 19 अगस्त को ब्यावरा में होगा। समिति सदस्यों ने शहरवासियों एवं धर्मप्रेमियों से यात्रा के नगर आगमन पर आयोजित विशाल धर्मसभा में शामिल होेने का आग्रह किया है।