अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग फिल्म महोत्सव में उत्साह से दिव्यांगों ने की भागीदारी, देखी फिल्में

Share

19HREG413 अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग फिल्म महोत्सव में उत्साह से दिव्यांगों ने की भागीदारी, देखी फिल्में

-महोत्सव दिव्यांगों के प्रति समाज की भावना में परिवर्तन लाएगी: लक्ष्मण आचार्य

वाराणसी, 19 अगस्त (हि.स.)। धर्म नगरी काशी में पहली बार अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग फिल्म महोत्सव का आयोजन शनिवार को बीएलडब्ल्यू सिनेमा हाल में किया गया। महोत्सव में दिव्यांगों ने पूरे उत्साह से भागीदारी की और फिल्में भी देखी। जन विकास समिति, स्पेशल एबल फाउंडेशन और ब्रदरहुड फाउंडेशन के संयुक्त पहल पर आयोजित महोत्सव का उद्घाटन सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने किया।

महोत्सव के उद्घाटन समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग फिल्म महोत्सव के माध्यम से लोगों के मन में दिव्यांग जनों के प्रति सोच में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। फिल्में सीधे हमारी भावनाओं को प्रभावित करती हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को “एक राष्ट्र, श्रेष्ठ राष्ट्र” की भावना को ध्यान में रखते हुए समावेशी समाज को आगे बढ़ने का कार्य करना चाहिए जिसमें सभी को सम्मान व उनकी क्षमता के अनुसार अवसर प्राप्त हो। हमें सभी के प्रति सम्मान का भाव रखना चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए अनेक सामाजिक योजनाओं का शुभारंभ किया है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है दिव्यांगजनों को इन सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों का लाभ मिल सके। खास बात यह रही कि महोत्सव में प्रदर्शित प्रथम फिल्म का अवलोकन राज्यपाल ने भी किया।

महोत्सव की अध्यक्षता करते हुए प्रो. मंगला कपूर ने कहा कि आज से 50 वर्ष पूर्व दिव्यांगजनों के प्रति समाज का नजरिया आज से काफी भिन्न था। अब समाज में लोगों का दिव्यांगों के प्रति दृष्टिकोण काफी सकारात्मक हुआ है। संचालन करते हुए डॉ उत्तम ओझा ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए कार्य करना ईश्वर की पूजा के समान है। महोत्सव में अतिथियों का स्वागत निर्देशक, जन विकास समिति चंद्रन रेमंडस,धन्यवाद ज्ञापन ब्रदरहुड दिल्ली के निदेशक सतीश कपूर ने किया। फिल्म महोत्सव का समापन मुंबई से आई प्रख्यात गायिका पद्मश्री डॉ सोमा घोष ने किया।

उद्घाटन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल , भाजपा के स्थानीय जिला अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, उद्योगपति एवं समाजसेवी केशव भाई जालान, डिप्टी डायरेक्टर दिव्यांग कल्याण राजेश मिश्रा, डॉ मनोज तिवारी, डॉ तुलसी, डॉ अजय तिवारी आदि की खास उपस्थिति रही।