मप्रः मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया नमन

Share

16HREG99 मप्रः मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया नमन

– मुख्यमंत्री चौहान ने रानी अवंती बाई को भी जयंती पर किया नमन

भोपाल, 16 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को भोपाल में शौर्य स्मारक चौराहे के पास पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा, भोपाल की महापौर मालती राय, विधायक कृष्णा गौर, सुमित पचौरी और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्व. वाजपेयी के योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि पूरे देश के मन में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति सम्मान रहा है, कोई उनसे सहमत हो या असहमत, सभी उनके लिए उमड़ पड़ते थे। अटल जी प्रतिपल भारत की भूमि तथा जनता के हृदय में स्पंदित हैं। उनके व्यक्तित्व की ओजस्विता, साहित्यिक प्रस्फुटन तथा दूरगामी दृष्टि अभूतपूर्व है। प्रतिपक्ष के नेता और तत्कालीन प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने भारत माता की यादगार सेवा की। वह सदैव हमें जनकल्याण के मार्ग पर निर्बाध रूप से चलने की प्रेरणा देते रहेंगे। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शक्तिशाली, वैभवशाली भारत के निर्माण में लगे हैं।

मुख्यमंत्री ने संत रामकृष्ण परमहंस की पुण्यतिथि पर उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने ने स्वामी विवेकानंद जैसे व्यक्तित्व को गढ़ा। मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में जन्मीं, अदम्य साहस व शौर्य की प्रतिमूर्ति, अमर बलिदानी वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती के अवसर पर भोपाल में माता मंदिर स्थित अवंतीबाई चौराहे पर स्थापित महान वीरांगना की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि सन् 1857 की क्रांति में मुक्ति आंदोलन की सूत्रधार और पराक्रम की गाथा लिखकर मातृभूमि के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग देने वाली अवंतीबाई जी राष्ट्र के लिए सदैव स्मरणीय रहेंगी। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

इससे पहले मुख्यमंत्री चौहान अपने निवास स्थित सभा कक्ष में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने स्व. अटल जी के योगदान का स्मरण भी किया। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास सभाकक्ष में आध्यात्मिक गुरू, विचारक एवं संत रामकृष्ण परमहंस जी की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने वीरांगना रानी अवंती बाई की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प माला चढ़ाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।