उमा दीदी के व्यक्तित्व विकास में स्व. स्वामी प्रसाद लोधी का योगदान महत्वपूर्ण : शिवराज

Share

08HREG382 उमा दीदी के व्यक्तित्व विकास में स्व. स्वामी प्रसाद लोधी का योगदान महत्वपूर्ण : शिवराज

– मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड के गौरव स्व. लोधी के पुण्य-स्मरण दिवस कार्यक्रम में दी श्रद्धांजलि

भोपाल, 8 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्व. स्वामी प्रसाद लोधी जनता के हित में मेहनत, ईमानदारी और संकल्प शक्ति के साथ कार्य करते रहे। वे जीवन के हर क्षण का सदुपयोग करते थे। उनकी स्मृतियां अनेक हैं। इन स्मृतियों से उनकी उपस्थिति हमारे बीच हमेशा सजीव बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि उमा दीदी (पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती) को आगे बढ़ाने और उनके व्यक्तित्व के विकास में स्व. लोधी का महत्वपूर्ण योगदान है। दीदी ने भाई साहब की अंतिम वर्षों में जो सेवा की वह अद्भुत है। उमा दीदी उनके सामने आती थी तो उनके चेहरे पर झलकने वाली प्रसन्नता सहज ही देखी जा सकती थी।

मुख्यमंत्री चौहान शनिवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में बुंदेलखंड के गौरव स्व. स्वामी प्रसाद लोधी के पुण्य-स्मरण दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्व. लोधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

उमा ‘दीदी’ अनंत शक्तियों का भंडार हैं

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि उमा ‘दीदी’ अनंत शक्तियों का भंडार हैं। वे जनहित में जान हथेली पर रखकर संघर्ष करती हैं। मैं उनके साथ बचपन से काम कर रहा हूँ। देश और प्रदेश की राजनीति में उनका अमूल्य योगदान है। उन्होंने कई विकास कार्यों की नींव रखी। स्व. लोधी ने उसी तरह उमा दीदी का ध्यान रखा, जैसे पिता-पुत्री का ध्यान रखता है। ऐसा समर्पण दुर्लभ ही देखने को मिलता है। स्व. लोधी जुझारू और जुनूनी थे। उमा दीदी को मध्यप्रदेश के रत्न के रूप में गढ़ने वाले मनीषी स्व. लोधी का सम्मान करना हमारा कर्तव्य है।

स्व. लोधी ने समाज के प्रत्येक वर्ग की चिंता की

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. लोधी ने समाज के प्रत्येक वर्ग की चिंता की। चाहे लोधी समाज संगठन की बात हो या अन्य समुदायों के कल्याण की, वे सभी के हित में सतत् प्रत्यनशील रहते थे। बुंदेलखंड अंचल के विकास के लिए भी अथक प्रयास किये। मुख्यमंत्री ने स्व. लोधी के पुत्र नील माधव और पुत्री नित्या को आशीर्वाद दिया।

शराब नीति में प्रदेश बन गया मॉडल स्टेटः उमा भारती

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में सरकार ने प्रदेश में नई शराब नीति बनाकर अद्भुत कार्य किया है। मध्यप्रदेश में एक साथ ढाई हजार अहाते बंद किए गए हैं। शराब नीति में प्रदेश मॉडल स्टेट बन गया है। चौहान के कुशल नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।