नाबालिग से गैंगरेप का मुख्य आरोपित गिरफ्तार

Share

16HCRI11 नाबालिग से गैंगरेप का मुख्य आरोपित गिरफ्तार

कानपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र से कार में बैठाकर अर्मापुर के जंगल में ले जाकर नाबालिग से गैंगरेप करने वालों में मुख्य आरोपित को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है। घटना में प्रयुक्त वैन कार भी बरामद हुई है।

कल्याणपुर के इको गार्डेन में दो सहेलियों के साथ डूडा काॅलोनी अंबेडकरपुरम निवासी 14 वर्षीय किशोरी शुक्रवार को पैदल जा रही थी। किशोरी अभी नवाब होटल के पास ही पहुंची थी तभी मोहल्ले में रहने वाला अभिषेक अपने दोस्त आर्यन के साथ वैन लेकर आ गया और बात करने लगा। लिफ्ट देने की बात कहकर किशोरी और उसकी दो सहेलियों को वैन में बैठा लिया। कुछ दूर जाने के बाद अभिषेक ने दोनों सहेलियों को बहाना बनाकर कार से उतार दिया और किशोरी को अर्मापुर की ओर लेकर भाग निकला।

आरोप है कि जंगल में झाड़ियों के बीच दोनों ने किशोरी के साथ गैंगरेप किया। विरोध करने पर पीटा और दांत काटने के साथ ही नोंचकर हैवानियत की। चीखने पर मुंह में गमछा ठूंस दिया। इसके बाद धमकी देते हुए कहा कि अगर किसी को बताया तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे और वापस नवाब होटल के पास चलती वैन से किशोरी को धक्का देकर भाग निकले।

कल्याणपुर थाना प्रभारी धनंजय पाण्डेय ने रविवार को बताया कि मामले में शनिवार रात को आरोपी अभिषेक और आर्यन के खिलाफ अपहरण, गैंगरेप और पाक्सो समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मुख्य आरोपित अभिषेक को गिरफ्तार कर उसके पास से घटना में प्रयुक्त वैन भी बरामद हो गई है। इसके साथ ही आर्यन की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।