सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में 18 जुलाई से श्रीराम कथा

Share

16HREG97 सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में 18 जुलाई से श्रीराम कथा

-सायंकाल 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक कथा का रसपान करेंगे श्रद्धालु

-कथा वाचक राजन महाराज 26 जुलाई तक कथा का वाचन करेंगे

वाराणसी,16 जुलाई (हि.स.)। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में बने पंडाल में 18 से 26 जुलाई के बीच कथावाचक राजन महाराज श्रीराम कथा सुनायेंगे। श्रद्धालु सायंकाल 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक कथा का रसपान कर सकेंगे। कथा आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने रविवार को ये जानकारी मीडिया कर्मियों को दी। पदाधिकारियों ने बताया कि देवाधिदेव महादेव की अत्यंत प्रिय नगरी काशी में पवित्र पुरुषोतम मास के पुण्य अवसर पर पहली बार राजन महाराज सरस श्रीराम कथा का श्रवण करायेंगे। बताया गया कि कथा की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गयी हैं। कथा रसिकों के बैठने के लिए खेल मैदान में 30,000 स्क्वायर फीट का विशाल जर्मन हैंगर पंडाल बनाया गया है । जिसमें हजारों की संख्या में श्रोता सहजता से बैठ कर कथा श्रवण कर पाएंगे। कथा वाचक विभिन्न दिवस पर विविध कथा प्रसंगों के माध्यम से राम चरित्र को जन-जन के मन में उतारेंगे। कथा स्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से भी चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। 2 दर्जन से अधिक सीसीटीवी के माध्यम से निरन्तर निगरानी होगी। कथा के पूर्व शोभायात्रा पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस से निकलेगी । कलश शोभायात्रा में बैण्ड बाजे, हाथी-घोड़े पर सवार देव स्वरूप झाँकियां, कलश लिए हुए महिलाओं का समूह शामिल होगा। शोभायात्रा लहुराबीर, जगतगंज होते हुए कथास्थल पर पहुंचेगी। वार्ता में सुमित सराफ, विजय मोदी, प्रमोद बजाज,अजीत सिंह बग्गा, दीपक बजाज आदि शामिल रहे।