14HREG301 मप्रः मुख्यमंत्री शिवराज ने कैलाश जोशी की जयंती पर किया पौध-रोपण
– स्मार्ट उद्यान में लगाए पीपल, कदम्ब, नीम और करंज के पौधे
भोपाल, 14 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने प्रतिदिन पौधरोपण करने के संकल्प के क्रम में शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय कैलाश जोशी की जयंती पर उनकी स्मृति में पौध-रोपण किया। उन्होंने राजधानी भोपाल में श्यामला हिल्स उद्यान में स्व. जोशी के परिवार के सदस्यों के साथ पीपल, कदम्ब, नीम और करंज के पौधे रोपे। पौध-रोपण में पूर्व सांसद आलोक संजर, जयवर्धन जोशी, रजत शर्मा, पंकज शुक्ला, अनिल धार्मिक, नवल प्रजापति और विक्रम सिंह शामिल हुए।
मुख्यमंत्री चौहान की पहल पर रोहित शर्मा और कीर्ति गौर की जटिल बीमारियों का इलाज हुआ था। मुख्यमंत्री चौहान का रोहित शर्मा और कीर्ति गौर ने पौध-रोपण कर आभार माना। मुख्यमंत्री द्वारा स्वेच्छानुदान मद से सहायता उपलब्ध करवाकर रोहित शर्मा का सफल उपचार पारुल अस्पताल भोपाल में और कीर्ति का उपचार मुम्बई में कराया गया। पौध-रोपण में डॉ. आरके गौर, राघव गौर, पीके शर्मा, रोहित शर्मा, देवकीनंदन शर्मा आदि शामिल हुए। मुख्यमंत्री के साथ गुलाबराव बुआड़े, पुष्पलता बुआड़े, सोनू तथा शकुन्तला साहू ने अपनी विवाह वर्षगांठ पर और रंजना बुआड़े ने अपने जन्म-दिवस पर पौधे लगाए।