02HREG336 सम्मान को सहेजकर रखें यह जीवन में आगे बढ़ने की देता है प्रेरणा : डाॅ. दिनेश शर्मा
लखनऊ, 02 जुलाई (हि.स.)। हर व्यक्ति को जीवन में मिले सम्मान को सहेजकर रखना चाहिए, क्योंकि यह आगे बढने की प्रेरणा देता है। केवल अच्छे काम करने वालों को ही सम्मानित किया जाता है, क्योंकि उन्होंने समाज में अनीति करने वालों को नीति का पाठ पढ़ाने में विजय प्राप्त की होगी। यह बातें पूर्व उपमुख्यमंत्री डाॅ. दिनेश शर्मा ने कही।
डॉ. शर्मा नेशनल पीजी कॉलेज के में स्वयं सेवी संस्था ‘जनशक्ति’ की ओर से आयोजित पुलिस, पत्रकार एवं जनसेवी सम्मान समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि समय के बदलाव के साथ संस्कृति में बदलाव हो रहा है। युवा इस नकारात्मक बदलाव के शिकार हो रहे हैं। इस नकारात्मक बदलाव को रोकने की जिम्मेदारी पुलिस के साथ ही पत्रकार की भी है। पुलिस बल को युवाओं को नियम पालन का संदेश देना चाहिए तथा पत्रकार को समाज में गिरते मूल्यों को पुन:स्थापित करने की दिशा में काम करना चाहिए। समाज सेवियों की जिम्मेदारी है कि प्राचीन समय का सामाजिक गौरव फिर वापस आए। युवाओं में संस्कारों का समावेश हो। इसे जन-जन तक सकारात्मक रूप में पहुचाने की जिम्मेदारी पत्रकार की होती है।
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और पत्रकार एक दूसरे के पूरक तथा प्रतिद्वन्दी दोनों होते हैं। पत्रकार जहां समाज की समस्याओं को उठाता है, वहीं पुलिस उसके निराकरण का प्रयास करती है। समाजसेवी का प्रयास रहता है कि गलत घटनाएं समाज में नहीं हों। उनका कहना था कि समय के साथ पुलिस की जिम्मेदारी बढी है। पुलिस संदेश साफ होना चाहिए कि अपराधी डरें और जनता निर्भय रहे। वर्तमान में पुलिस बल का स्वरूप बदला है।। इसमें महिलाएं भी शामिल होकर अच्छा कार्य कर रही हैं। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेश तिवारी, पार्षद अन्नू मिश्रा, कार्यक्रम संयोजक अरुण प्रताप सिंह, इग्नू की निदेशक, डॉक्टर मनोरमा आदि शामिल रहे।