सहारनपुर हादसे में कार सवार चार लोग ज़िंदा जले, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

Share

18HREG457 सहारनपुर हादसे में कार सवार चार लोग ज़िंदा जले, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

सहारनपुर,18 जुलाई (हि.स.)। रामपुर मनिहारन क्षेत्र में मंगलवार को अंबाला हाईवे के फ्लाईओवर पर ओवरटेक के दौरान ट्रक से टकराने के बाद चलती कार में आग लग गई। इस हादसे में कार सवार चार लोग ज़िंदा जल गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना में हुई जनहानि पर दुख प्रकट किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मृतकों की पहचान उमेश गोयल (70), उनकी पत्नी सुनीता गोयल (65), अमरीश जिंदल (55) और गीता जिंदल (50) के रूप में हुई है। ये सभी मूलरूप से उत्तराखंड हरिद्वार के रहने वाले थे। घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोग सहारनपुर पहुंच गए हैं।

उन्होंने बताया कि फ्लाईओवर से कार चालक, ट्रक से आगे निकलने के प्रयास में था। ओवरटेक के दौरान ट्रक से टकारने के बाद कार में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक कार सवार बाहर निकलते कि आग ने सभी को अपनी चपेट में ले लिया। सभी की जिंदा जलकर मौत हो गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद सहारनपुर में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित इलाज कराए जाने के निर्देश दिए हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।